डायेरक्टर आदित्य धर की फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक को रिलीज हुए दो हफ्ते पूरे होने वाले हैं। फिल्म अब भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है। उरी साल की पहली फिल्म है जिसने 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है। बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक, फिल्म ने मंगलवार तक 122.24 करोड़ की कमाई की है।
बुधवार के आधिकारिक आंकड़े अभी तक नहीं आए हैं लेकिन अनुमान लगाया जा रहा फिल्म ने करीब 5.75 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। उरी ने बुधवार तक 128.34 करोड़ का बिजनेस किया है। उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक में विक्की कौशल, यामी गौतम , मोहित रैना , परेश रावल और कीर्ति कुल्हारी ने मुख्य भूमिका निभाई।

25 करोड़ के बजट में बनी उरी फिल्म को करीब 800 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है। फिल्म सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित है। सितंबर 2016 को आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक कर मुंहतोड़ जवाब दिया था। उरी ने रिलीज के पहले वीकेंड पर जहां 35.92 करोड़ की कमाई की थी वहीं दूसरे वीकेंड पर इसका बिजनेस 37.25 करोड़ के करीब रहा।
ऐसा कम ही होता है जब हर दिन बीतने के साथ फिल्म का कलेक्शन भी बढ़ता जाए। उरी से पहले 2015 में रिलीज हुई फिल्म दम लगा के हईशा के साथ भी ऐसा ही हुआ था जब दूसरे वीकेंड पर फिल्म का कलेक्शन ज्यादा रहा।
