फेसबुक पर विदेशी महिला से दोस्ती करना पड़ गया भारी, गंवा दिए 2.53 करोड़ रुपये

दोस्ती के बाद कई लोगों के लिए यह नई तरह की मुसीबत भी बना फेसबुक । यदि आप भी फेसबुक पर अनजान लोगों से दोस्ती करते हैं और उनकी बातों में आकर मदद करने का वादा करते हैं तो यह खबर आपके लिए है।

मुंबई के एक शख्स को विदेशी महिला से दोस्ती करना भारी पड़ गया है और उसने 2.53 करोड़ रुपये गंवा दिए हैं। पूरा मामला मुंबई का है और थाइलैंड से जुड़ा है।

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित व्यक्ति साल 2017 में पत्नी और बच्चों के साथ थाइलैंड गया, वहां से वापस भारत आने के बाद फेसबुक पर उसकी दोस्ती एक महिला से हुई और उसी महिला ने उससे 2.53 करोड़ रुपये ठग लिए।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक ठगी करने वाली महिला का नाम मरियम खुर्शीद है और उसने पीड़ित शख्स से बताया था कि उसका पति अब इस दुनिया में नहीं है और वह 18 लाख डॉलर उसके लिए छोड़ गया है।

मरियम ने बताया था कि वह परेशान है क्योंकि उसका एक रिश्तेदार उससे शादी करना चाहता है। मरियम ने पीड़ित से कहा था कि वह अपना पूरा पैसा पीड़ित के खाते में डालकर भारत में ही रहना चाहती है।

इसके बाद पीड़ित शख्स को मरियम ने बताया कि उसने पूरे पैसे दिल्ली एयरपोर्ट पर भेज दिए हैं और सीमा शुल्क के रूप में उसे लाखों रुपये देने होंगे।

इसके बाद पीड़ित के घर एक शख्स पहुंचा और उसने कहा कि नोटों पर धब्बे लगे हुए हैं जिन्हें साफ करने में एक किलो नोट पर 30 लाख रुपये खर्च होंगे। इस तरह पीड़ित ने कई बार में 2.53 करोड़ रुपये दे दिए, लेकिन कुछ दिन बाद मरियम और उसके लोगों से उसका संपर्क नहीं हो पाया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.