₹60 किलो प्याज, 10 दिनों में ₹30 महंगा.. लोगों के निकल रहे आंसू

मुजफ्फरपुर: बिहार में चीनी के बाद अब प्याज भी लोगों को रुलाने लगा है. मुजफ्फरपुर में पिछले करीब दो सप्ताह में प्याज की कीमत लगभग दोगुनी हो गई है. महीने की शुरुआत में जहां प्याज 25 से 30 रुपये किलो बिक रहा था, वहीं अब खुदरा बाजार में इसकी कीमत 50 से 60 रुपये किलो तक पहुंच गई है. अचानक बढ़ी कीमत का असर आम लोगों की रसोई पर साफ दिखाई दे रहा है.

10 दिनों में ₹30 महंगा

अधिक कीमत के कारण ग्राहक जरूरत के मुताबिक प्याज खरीदने के बजाय कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं. मुजफ्फरपुर के अखाड़ाघाट सब्जी मंडी में प्याज कारोबारियों के मुताबिक, थोक बाजार में भी प्याज के भाव में लगातार तेजी आई है. कारोबारी गौरीशंकर साह ने बताया कि वह करीब 20 वर्षों से आलू-प्याज की बिक्री कर रहे हैं. उनके मुताबिक, 15 दिन पहले प्याज करीब 160 रुपये पसेरी और 35 रुपये किलो बिक रहा था.

क्या कहते हैं कारोबारी

अब प्याज की कीमत बढ़कर करीब 260 रुपये पसेरी और खुदरा में 55 रुपये किलो तक पहुंच गई है. थोक बाजार में प्याज 4500 से 4800 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है. गौरीशंकर ने बताया कि कीमत बढ़ने के बाद ग्राहक पहले की तुलना में कम प्याज खरीद रहे हैं. कारोबारियों में भी कीमत को लेकर असमंजस है.

स्टॉक में प्याज की उपलब्धता कम

एक अन्य कारोबारी दीप नारायण साह ने बताया कि फिलहाल थोक बाजार में प्याज 4300 से 4600 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है. करीब 15 दिन पहले यही प्याज 35 रुपये किलो के आसपास था. उनके मुताबिक, स्टॉक में प्याज की उपलब्धता कम होने का असर कीमत पर पड़ा है.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading