
PATNA : सूबे के नये पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पाण्डेय ने प्रदेश और खासकर पटना पुलिस के काम में बड़ा बदलाव का दावा किया है। उन्होंने कहा है कि 8 दिनों के अंदर पटना पुलिस के काम और व्यवहार में बड़ा बदलाव दिखने लगेगा। अब थानों में थानाध्यक्ष लोगों की बातों को इज्जत और धैर्य के साथ सुनेंगे।

सोमवार की देर रात सूबे के नये डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय पटना की सड़कों पर औंचक निरीक्षण के लिए निकले थे। इस दौरान उन्होंने राजधानी के कई सड़कों पर पुलिस गश्ती का निरीक्षण किया। डीजीपी ने इस दौरान सभी गश्ती दल को अपने-अपने क्षेत्र में गश्त लगाते पाये गये। डीजीपी शहर की गश्ती व्यवस्था से संतुष्ट दिखे। डीजीपी ने कहा कि पटना की पुलिसिंग को थोड़ा टाइट करने की जरूरत है। इसको लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया है।

गश्ती दल का निरीक्षण करने के बाद डीजीपी एसएसपी कार्यालय पहुंच गये। एसएसपी गरिमा मलिक जिले के सभी एसपी, ग्रामीण एसपी, सभी एसडीपीओ और थानेदारों के साथ क्राइम मीटिंग कर रही थीं। इसी बीच बिना किसी पूर्व सूचना के डीजीपी पहुंच गए।जहां वह एसएसपी गरिमा मलिक को देर रात क्राइम कंट्रोल के लिए सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक करता पाया। डीजीपी पुलिस पदाधिकारियों को अपनी डयूटी मुस्तैदी से निभाते देख काफी खुश हुए और उनका हौसला बढ़ाया।

इसके अलावा डीजीपी ने क्राइम कंट्रोल को लेकर भी एसएसपी को जरूरी निर्देश दिए। पुलिस को अपनी डयूटी निभाते देख उन्होंने कहा कि मुझे यह देखकर बहुत ख़ुशी हो रही है की सारे लोग एक साथ काम कर रहे हैं। सभी से मैंने बात की है और सभी ने एक साथ कहा है कि पटना पुलिस का बदला रंग कल से दिखेगा और आठ दिन में रिजल्ट भी मिलेगा। साथ ही पुलिस के व्यवहार में भी बदलाव करने को कहा। डीजीपी ने कहा कि बिहार की 12 करोड़ जनता पुलिस की मदद करे। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
डीजीपी ने कहा कि सभी पुलिसवालों ने कसम खाई है कि पटना पुलिस का बदला रंग दिखेगा। उन्होंने कहा कि पटना में पुलिस की कार्य प्रणाली में फर्क दिखेगा। अब जो भी थाने पर जाएगा उसकी बात वहां के थानेदार सुनेंगे और इज्जत से सुनेंगे। इसके साथ ही पटना पुलिस के सारे अधिकारी और पुलिसवाले सड़कों पर दिखेंगे।
