पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हर घर तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचा देने पर ही बिहार आगे बढ़ सकेगा। जब बिहार आगे बढ़ेगा तभी हमारा देश आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री गुरुवार को सीएम वास स्थल क्रय सहायता योजना और सीएम ग्रामीण आवास योजना की शुरुआत पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। वास स्थल क्रय सहायता योजना के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए चयनीत लाभार्थियों घर बनाने को जमीन खरीदने के लिए 60-60 हजार रुपए दिए जाएंगे। साथ ही जमीन का रजिस्ट्रेशन भी मुफ्त होगा। वहीं, ग्रामीण आवास योजना के तहत जर्जर इंदिरा आवासों के स्थान पर नए आवास के लिए 1.20 लाख रुपए दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक सभी लोगों को रहने के लिए मकान नहीं मिल जाता, तब तक सरकारी योजनाएं सही मायने में फलदायी नहीं हो सकती है। समाज में हाशिए पर रह रहे व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में लाना गांधी की भी अवधारणा थी। महात्मा गांधी ने भी कहा था कि जब तक अंतिम आदमी तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचता तब तक विकास का कोई मायने नहीं है। हमारी कोशिश है कि अधिक से अधिक लोगों को सीएम वास स्थल क्रय सहायता योजना और सीएम ग्रामीण आवास योजना का लाभ मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में विकास गतिविधियों के साथ-साथ बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इनसे जुड़े मामलों में कमी आ रही है। बापू की सोच के अनुरूप ही राज्य में विकास कार्य को विकेंद्रीकृत तरीके से किया जा रहा है। हर घर नल का जल, शौचालय का निर्माण और बिजली की व्यवस्था हर घर तक की जा रही है। बापू ने ऐसे भारत का सपना देखा था, जहां सबकी भागीदारी हो, कोई भेदभाव न हो, शराब या दूसरी नशीली चीजों के लिए कोई स्थान न हो और समानता का अधिकार हो। हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक महिलाएं जीविका समूहों से जुड़े।