खुले में शौच के लिए निकले लोटा पार्टी को अधिकारी ललन कुमार ने कराई उठक-बैठक

बेगूसराय. यह फोटो एक लोटा पार्टी की है। अधिकारी के सामने हाथ जोड़कर सुबह लोटा लेकर निकले लोग माफी की गुहार लगा रहे हैं। उन्हें यह नहीं पता था कि वह हर दिन जो करते हैं उसे कोई सरकारी अधिकारी अपराध मान लेगा और सजा देगा।

पुलिस के जवानों के साथ बेगूसराय जिले के पशुपालन अधिकारी ललन कुमार बुधवार सुबह गश्त पर निकले थे। उनकी नजर ऐसे लोगों पर थी जो खुले में शौच के लिए जाते हैं। ललन जैसे ही धनकौल पंचायत पहुंचे उन्होंने देखा कि 5 लोग लोटा लिए जा रहे हैं। लोटा पार्टी को देखते ही ललन हरकत में आए और सभी को एक कतार में खड़ा करा दिया।

हंसी आने पर युवक को जड़ा थप्पड़
पुलिस को देख गांव के लोग डर गए और हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे। वे कहने लगे माफ कर दीजिए साहेब आगे से कभी लोटा लेकर नहीं निकलेंगे। ललन गांव के लोगों से खुले में शौच न जाने के लिए कसम खिला रहे थे तभी एक युवक को हंसी आ गई। इससे ललन का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया। वह तेजी से आगे बढ़े और युवक को थप्पड़ जड़ दिया। लोगों को कसम दिलाने के बाद ललन ने लोटे को प्रणाम कराया और चेतावनी दी कि आगे से खुले में शौच के लिए जाते पकड़े जाने पर जुर्माना वसूला जाएगा।

अधिकारी पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी राहुल कुमार से इस मामले पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। खुले में शौच मुक्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में जल्द जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading