पटना. बिहार में तेजस्वी यादव की अगुवाई में राजद और महागठबंधन लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर चुका है। परिवार, पार्टी और विपक्ष के नेता के तौर पर एक साथ कई मोर्चे पर कमान संभाल रहे तेजस्वी आश्वस्त हैं कि राजद-कांग्रेस-हम वाले महागठबंधन में तय समय पर कुछ और दल जुड़ेंगे। अगले सात-आठ महीने में पार्टी और परिवार के बीच सामंजस्य और रणनीति पर तेजस्वी ने विशेष संवाददाता इन्द्रभूषण से खुल कर बात की। प्रस्तुत हैं मुख्य अंश-
परिवार में सत्ता संघर्ष दिख रहा है। बड़े भाई तेजप्रताप यादव उपेक्षा का आरोप लगाते रहे हैं ?
इससे स्पष्ट है कि राजद में लोकतंत्र है। मेरे डिप्टी सीएम का पद संभालने के समय से ही ये सवाल उठाया जाता रहा है। परिवार को बदनाम करने वालों को ‘ उनसे ’ सबक लेनी चाहिए। सत्ता में अलग कोण बनाने का काम किया तो भुगत रहे हैं। राजद की मजबूती की बात करते हैं तो विरोधी सत्ता संघर्ष की हवा उड़ाते हैं।
उनसे मतलब ?
पूरा बिहार समझता है। आप भी समझ ही रहे हैं। उस समय दोनों मामा (साधु और सुभाष) ने ऐसा करने की कोशिश की थी। समानांतर सिस्टम विकसित करने में जुटे थे। आज कहां है? कोई नोटिस भी ले रहा है क्या?