पटना@बिहार के पूर्व पथ निर्माण मंत्री मो.इलियास हुसैन समेत सात अभियुक्तों को अदालत ने शुक्रवार को 22 साल पुराने 1.57 करोड़ रुपये के अलकतरा घोटाले में दोषी करार कर पांच–पांच साल कैद की सजा सुनाई। उन पर 20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

शुक्रवार को सीबीआई के विशेष न्यायाधीश अनिल कुमार मिश्रा की अदालत ने सजा के साथ ही अभियुक्तों पर जुर्माना भी लगाया। सुनवाई के समय सभी अभियुक्त अदालत में उपस्थित थे। सबसे अधिक जुर्माना आपूर्तिकर्ता दुधेश्वर नाथ सिंह पर 60 लाख रुपये का किया गया है। इतना ही नहीं, अदालत ने उसे अलग–अलग छह धाराओं में सजा सुनाई है। जुर्माने की राशि जमा न करने की स्थिति में उसे अतिरिक्त साढ़े तीन साल जेल काटनी होगी, जबकि इलियास हुसैन समेत छह पर 20-20 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना अदा न करने पर सभी को एक–एक साल की अतिरिक्त जेल काटनी होगी।

वरिष्ठ लोक अभियोजक राकेश प्रसाद ने उक्त मामले में अदालत के समक्ष 45 गवाही कराई थी। हालांकि, सीबीआई ने मामले में 78 गवाही की सूची अदालत को सौंप रखी थी। बीते सितंबर महीने में इलियास हुसैन को एक मामले में चार साल की सजा सुनाई गई थी, जिसमें वह सजा काट रहे हैं।

*पटना हाईकोर्ट ने दिया था सीबीआई जांच का आदेश*
वर्ष 1994 से 1996 के बीच हुए अलकतरा घोटाले को लेकर सीबीआई ने 20 मार्च 1997 को अलग–अलग पांच प्राथमिकियां दर्ज की थी। पटना हाईकोर्ट ने 10 फरवरी 1997 को अलकतरा घोटाले की जांच सीबीआई से कराने का आदेश दिया था। सीबीआई ने मो. इलियास हुसैन उनके निजी सचिव शहाबुद्दीन बेग समेत 18 को नामजद किया था। जांच के दौरान सीबीआई ने चार को वादामाफ गवाह बना लिया था। सात की मौत सुनवाई के दौरान हो गयी। सात के खिलाफ फैसला आया है।

*क्या था पूरा मामला*
वर्ष 1994 में आरसीडी रोड डिविजन चतरा के तहत सड़कों का निर्माण कार्य किया जाना था। इसके लिए हल्दिया ऑयल रिफाइनरी कोलकाता से अलकतरा आना था। लेकिन मंत्री व इंजीनियरों ने कंपनी से साठगांठ कर सरकार को करोड़ों का चूना लगाया। सीबीआई की तफ्तीश में सरकार को चूना लगाने के सबूत मिले हैं। आईओसी कोलकाता को 17 अगस्त 1994 को 1500 मीट्रिक टन अलकतरा, 29 जुलाई 1995 को 1000 मीट्रिक टन, 17 अगस्त 1995 को 500 मीट्रिक टन एवं 29 जनवरी 1996 को 250 मीट्रिक टन अलकतरा भेजा गया। कुल 3266 मीट्रिक टन अलकतरा अवैध तरीके से बेच दिया गया। उसकी कीमत उस समय 1.57 करोड़ रुपए थी।
*इनको सुनाई गई सजा*
पूर्व मंत्री मो. इलियास हुसैन, मंत्री के सचिव शहाबुद्दीन बेग, पीएंडटी के निदेशक केदार पासवान, उपनिदेशक मुजतबा अहमद, कार्यपालक अभियंता रामानंद राम, सेक्शन पदाधिकारी शोभा सिन्हा एवं ट्रांसपोर्टर आपूर्तिकर्ता डीएन सिंह।
*सुनवाई के दौरान इनकी मौत हो गई*
धनेश्वर बैठा, अखिलेश सिंह, तापस राय, राजेन्द्र प्रसाद, जनार्दन शर्मा, मेजर योगेन्द्र नाथ यादव व रामावतार
*सीबीआई जांच में जो बातें आई सामने*
मंत्री इलियास हुसैन नवंबर 1995 में स्कॉट अस्पताल नई दिल्ली में भर्ती थे। वहां उनका इलाज चल रहा था। वहां उनको इलाज के नाम पर एक लाख रुपये दिये गये थे। हवाई यात्रा का पूरा खर्च आपूर्तिकर्ता ही उठाता था। यहां तक कि कोलकाता की एक ज्वेलरी दुकान से डायमंड नेकलेस नौ लाख में खरीद कर दिया गया। उसी दुकान से उन्होंने डायमंड ईयर रिंग, 54 हजार रुपए का कीमती स्टोन पन्ना, रूबी कैट्स आई स्टोन भी लिया। इसके अलावा वाहन समेत अन्य कीमती सामान प्राप्त किया था।