भारत के कड़े तेवर के बाद पाकिस्तान अब सरेंडर मोड में है। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने कहा कि पाकिस्तान जंग नहीं चाहता। दुनिया में कोई मसला जंग से हल नहीं होता।
पाकिस्तानी मीडिया को संबोधित करते हुए गफूर ने दावा किया कि 26 फरवरी को भारतीय वायु सेना के हमले के जवाब में उसने भी आज भारतीय सीमा में घुसकर कार्रवाई को अंजाम दिया। पाकिस्तान एयर फोर्स ने भारतीय सीमा के भीतर 6 लक्ष्यों को एंगेज किया।

गफूर ने कहा,पाकिस्तानी वायु सेना के पास जवाब देने के अलावा कोई चारा नहीं था। हम अमन चाहते हैं इसलिए हमने तय किया कि हम किसी सैन्य लक्ष्य को निशाना नहीं बनाएंगे। हमने ये भी तय किया कि इन हमलों में किसी इंसान की जान न जाए। हमारी वायु सेना ने भिंबरगली, केजी टॉप और नारियान इलाके में टारगेट एंगेज किए।
पाकिस्तान ने कहा कि ये जवाबी हमला सीमित था। क्योंकि हमारा मकसद जंग नहीं है। गफूर ने दावा किया कि आज सुबह की पाकिस्तान की कार्रवाई के जवाब में दो भारतीय विमान एक बार फिर पाकिस्तानी सीमा में दाखिल हुए और उन्हें मार गिराया गया। दो भारतीय पायलटों को गिरफ्तार कर लिया गया जिनमें से एक घायल पायलट को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पाकिस्तान ने दावा किया कि इन भारतीय पायलटों के पास से कुछ दस्तावेज और हथियार भी जब्त किए गए हैं जिन्हें प्रेस कॉन्फ्रेन्स के दौरान, मीडिया को दिखाया गया।
उधर, भारत ने पाकिस्तान के एक एफ-16 विमान को भी मार गिराया है जिसे प्रवक्ता गफूर ने ये कहते हुए नकार दिया कि पाकिस्तान ने एफ-16 इस्तेमाल ही नहीं किया है। इसलिए उसके गिरने का सवाल नहीं है।
भारत के सख्त तेवर और हर तरफ से घिरने के बाद अब आसिफ गफूर ने कहा कि पाकिस्तान जंग की तरफ नहीं जाना चाहता, अमन चाहता है। जिसका रास्ता संवाद से होकर जाता है। जैसा प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि जंग शुरू कहां से हो पता होता है लेकिन खत्म कहां होती है, ये नहीं पता होता है। दुनिया में कोई मसला जंग से हल नहीं होता।
