नक्सली महेश यादव सिरदला थाना कांड संख्या 264/16 में नामजद अभियुक्त है. लेवी की मांग को लेकर निर्माणधीन खरौंध रेलवे स्टेशन पर पुल निर्माण कर रहे एजेंसी मेसर्स विनोद कंट्रक्शन की पोकलेन मशीन, मिक्सर मशीन, स्कार्पियो, बोलेरो को फूंक दिया गया था*
बिहार पुलिस की एसटीएफ ने कुख्यात नक्सली महेश यादव को गिरफ्तार किया है. वो 3 नवंबर 2016 को लेवी की मांग को लेकर सिरदला के खरौंध रेलवे स्टेशन के बेस कैम्प पर हमला करने के मामले में आरोपी है.
नक्सली महेश यादव को औरंगाबाद जिला के रफीगंज थाना क्षेत्र के चांदबिघा गांव से पटना एसटीएफ ने गिरफ्तार किया जिसके बाद नवादा पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया. रफीगंज थाना के चांदबिघा गांव के हार्डकोर नक्सली को पटना एसटीएफ ने गुप्त छापेमारी कर गिरफ्तार किया था.
उक्त नक्सली महेश यादव सिरदला थाना कांड संख्या 264/16 में नामजद अभियुक्त है. लेवी की मांग को लेकर निर्माणधीन खरौंध रेलवे स्टेशन पर पुल निर्माण कर रहे एजेंसी मेसर्स विनोद कंट्रक्शन की पोकलेन मशीन, मिक्सर मशीन, स्कार्पियो, बोलेरो को फूंक दिया गया था साथ ही निर्माण स्थल पर मौजूद मजदूर और ठेकेदारों के साथ मारपीट भी की गई थी.
इस कांड में शामिल कुल 63 माओवादियों पर सिरदला थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इस मामले में अब तक कुल 17 नक्सलियों को पकड़ा गया है एवं 3 नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है. फिलहाल गिरफ्तार नक्सली को पुलिस अभिरक्षा में न्यायलय भेज दिया गया है.