बॉक्स ऑफिस पर इस हफ्ते छोटे बजट की दो फिल्में जंगली और नोटबुक रिलीज हुई हैं। सबसे पहले बात करते हैं विद्युत जामवाल की फिल्म जंगली की। एक्शन एडवेंचर वाली फिल्म जंगली ने वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बना ली। खासकर बच्चों को फिल्म बहुत पसंद आ रही है। हॉलीवुड डायरेक्टर चक रसेल के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर 3.35 करोड़ का बिजनेस किया था वहीं शनिवार को वीकेंड का इसे फायदा मिला और कमाई में उछाल देखा गया।

फिल्म शनिवार को 4.25 करोड़ जुटाने में कामयाब रही। अनुमान है कि रविवार को जंगली ने 5 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया होगा। इस तरह तकरीबन इसका कलेक्शन 3 दिन में 12-13 करोड़ रहा। फिल्म में विद्युत जामवाल जानवरों के डॉक्टर राज का किरदार निभा रहे हैं। जिसका बचपन एलिफेंट रिजर्व में बीता है।
विद्युत के अलावा आशा भट्ट, अतुल कुलकर्णी और मकरंद देशपांडे की अहम भूमिका है। जंगली का बजट करीब 45 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। मोहनीश बहल की बेटी और नूतन की पोती प्रनूतन ने फिल्म नोटबुक से बॉलीवुड में कदम रखा है। सलमान खान ने एक बार फिर से दो न्यूकमर्स को लॉन्च किया है। उनके प्रोडक्शन हाउस ने ये फिल्म प्रोड्यूस की है।

फिल्म में प्रनूतन बहल के साथ जहीर इकबाल की मुख्य भूमिका है। नितिन कक्कड़ ने फिल्म का निर्देशन किया है। 15 करोड़ के बजट में बनी नोटबुक करीब 1000 स्क्रीन पर रिलीज हुई है। बॉक्स ऑफिस इंडिया वेबसाइट के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन शुक्रवार को 60 लाख और शनिवार को 80 लाख का बिजनेस किया है। माना जा रहा है रविवार को ये एक करोड़ की कमाई कर सकती है।
