MUZAFFARPUR : चार्जशीटेड अपराधियों को “लाल चिट्ठी” भेजेगा जिला प्रशासन, सभी थानों में ‘गुंडा पंजी’ अद्यतन करने के निर्देश

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जिले में शांतिपूर्ण, भयमुक्त व निष्पक्ष लोकसभा चुनाव सम्पन्न कराने और होली पर्व की तरह रामनवमी पर्व को भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाये जाने को लेकर जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है. एसएसपी ने कहा कि चुनाव के साथ ही पर्व-त्योहार का समय भी आने वाला है, आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है, इसमें विधि व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती होगी.

इसको लेकर जिले के चिन्हित 180 से अधिक चार्जशीटेड अपराधियों व अराजक तत्वों पर निरोधात्मक कार्र्वाई के तहत 107 की अनुशंसा की गई है जिसमें अब तक 55 से अधिक असामाजिक तत्वों पर सीसीए एक्ट का प्रस्ताव पारित हो चुका है. चिन्हित अपराधियों को लाल चिट्ठी भेजने की प्रक्रिया में पुलिस जुट चुकी है. एसएसपी ने कहा कि जिले के सभी चार्जशीटेड अपराधियों को जिला पुलिस द्वारा लाल चिट्ठी भेज कर संबंधित थानों में उनकी हाजिरी लगवाई जायेगी.

पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पाण्डेय द्वारा जारी दिशा निर्देश के आलोक में एसएसपी ने चुनाव पूर्व जिले के सभी थानों में गुंडा पंजी को अद्यतन करने के दिशा निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने पिछले 5 वर्षों में सांप्रदायिक कांडों में चार्जशीटेड अपराधियों व अराजक तत्वों को चिन्हित करते हुए गुंडा पंजी में नाम जोड़ने के निर्देश दिए. साथ ही शराब बंदी लागू होने के बाद शराब के अवैध कारोबारी, विधि व्यवस्था संधारण में बाधक बनने वाले असामाजिक तत्व, रोड जाम कर विधि व्यवस्था में समस्या उत्पन्न करने वाले व्यक्ति, पुलिस पर हमला व सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों समेत कुल 14 श्रेणियों के चार्जशीटेड आरोपियों के खिलाफ गुंडा पंजी में नाम दर्ज करते हुए कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

एसएसपी श्री कुमार ने बताया कि क्राईम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (सीटीएनएस) के माध्यम से अब अपराधियों के सारे रिकॉर्ड डिजिटल हो रहे हैं. अगर किसी भी मामले में गुंडा पंजी में नाम दर्ज हो गया तो पूरे बिहार के सभी थानों में उनका नाम प्रदर्शित होगा और पुलिस मुख्यालय द्वारा आरोपितों पर नजर रखी जाएगी.

पुलिस मैनुअल में गुंडा पंजी का प्रावधान रहा है, जिसका वर्तमान समय में अद्यतन करने की पूर्ण रूपेण आवश्यकता है. एसएसपी ने बताया कि कुल 14 प्रकार की श्रेणियों के गुंडों का नाम थाना प्रभारियों द्वारा गुंडा पंजी में पूर्ण रुपेण जांच पड़ताल कर सुनिश्चित होने के उपरांत ही दर्ज किया जाये.

एसएसपी ने बताया कि जिले में गुंडा पंजी को अपडेट करने का कार्य प्रारंभ हो चुका है. पंजी में संबंधित गुंडे का नाम, पता, मोबाईल नम्बर, रिश्तेदारों के नाम पते, मुकदमे और चार्जशीट का विस्तारपूर्वक उल्लेख किया जाएगा. सीटीएनएस लागू हो जाने के बाद कोई भी सक्रिय असामाजिक तत्व, गुंडा, अराजक तत्व कभी भी चरित्र सत्यापन कराने जाएंगे तो उनके चरित्र प्रमाण पत्र में लिखा जाएगा कि “इनका नाम गुंडा पंजी में दर्ज है”. उनके खिलाफ बकायदा डोजियर मेंटेन किया जाएगा.

उन्होंने नौजवानों के अभिभावकों से समाज के बुद्धिजीवी वर्ग से युवाओं को भीड़ का हिस्सा नहीं बनने और साम्प्रदायिक तनावों और विधि व्यवस्था संधारण में बाधा न उत्तपन्न करने हेतु समझाने की बात कही. उन्होंने जिले के अभिभावकों से अपने बच्चों को सही मार्गदर्शन देने, सांप्रदायिक तनावों में सहभागी बनने से रोकने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने हेतु प्रेरित करने की अपील की. उन्होंने कहा समाज ही युवाओं को दशा व दिशा प्रदान करती है, तो इसके लिये भी महत्वपूर्ण कदम उठाये जाने होंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading