
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : वरीय अधिकारियों के संज्ञान के बिना केरोसिन व केमिकल भरा टैंकर छोड़ देने को लेकर सदर थानाध्यक्ष राकेश कुमार रजक पर विभागीय कार्रवाई होनी तय मानी जा रही है. गत 2 अप्रैल की रात्रि वहां चेकिंग के दौरान दस्तावेजों में गड़बड़ी के बावजूद केरोसिन व केमिकल भरा टैंकर पकड़ने के बाद अगले दिन बगैर पीआर बांड भरवाये चालक सहित टैंकर को छोड़ दिए जाने के मामले में तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक नय्यर हसनैन खान ने संज्ञान लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह को जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश के आलोक में जांच कर रिपोर्ट समर्पित कर दी गई है.

डीआईजी के निर्देश पर सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह द्वारा की गई जांच रिपोर्ट में सदर थानेदार की भूमिका संदिग्ध बताई गई. साथ ही बताया गया है की जप्त टैंकर के कागज़ात में गड़बड़ी पाए जाने के बाद भी सदर थानाध्यक्ष द्वारा टैंकर को छोड़ दिया गया. मामले में जोनल आईजी के निर्देश पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने राज्य मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दोषी सदर थानाध्यक्ष के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई हेतु पुलिस महानिरीक्षक की जांच रिपोर्ट अग्रेत्तर कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दी गई है.