
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : सकरा थाना क्षेत्र में अवैध शराब फैक्ट्री का संचालन होने की सूचना पर सोमवार अहले सुबह सकरा थाना पुलिस ने छापेमारी कर सैकड़ों लीटर अवैध शराब समेत शराब बनाने के सभी सामान जप्त कर लिया. इस दौरान कारोबारी भागने में सफल रहा.

जानकारी के अनुसार मिली गुप्त सूचना के आधार पर सकरा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल ने थाना क्षेत्र के चकरावे मनियारी निवासी गणेश सिंह के पुत्र सोनु कुमार के घर पर छापेमारी कर कच्चा स्प्रिट, 2 जार में पैकिंग के लिये रखे तैयार नकली शराब, वाटर डिस्टेंपर, ढक्कन, शराब की खाली बोतलें, खाली रैपर व सरकारी थ्रीडी सील, पंचिंग मशीन, अंग्रेजी शराब बनाने का केमिकल तथा अंग्रेजी शराब पैक करने हेतु रखे राॅयल स्टैग ब्रांड व अन्य ब्रांडों की खाली बोतलें बरामद की. साथ ही बिक्री हेतु रखे 375 एमएल की दो पैक कार्टून शराब भी बरामद किया गया.

इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है. छापेमारी की भनक लगते ही मुख्य कारोबारी सोनू कुमार फरार हो गया. जानकारी के अनुसार अवैध शराब के कारोबार में सोनू संलिप्त रहा है और उसपर पूर्व से भी मामले दर्ज है. थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार कारोबारी की तलाश में सघन छापेमारी की जा रही है. वहीं हिरासत में लिये गये दोनों व्यक्तियों से कुछ खास सूचना या जानकारी हासिल नहीं हो सकी है.
विदित हो कि गत् 9 मार्च को हथौडी़ थाना क्षेत्र के डकराया में पुलिस उपाधीक्षक पूर्वी कृष्ण मुरारी प्रसाद के नेतृत्व में उत्पाद अधीक्षक समेत पुलिस बल ने अवैध शराब फैक्ट्री का उद्भेदन करते हुये सैकडों लीटर अवैध स्पिरिट व नकली शराब बनाने के उपकरण जप्त किये थे वहीं 23 फरवरी को पारु थाना क्षेत्र के सरमस्तपुर दियारा में एसडीपीओ के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस ने फंदा गाँव निवासी संदीप सिंह का अवैध शराब फैक्ट्री का संचालन करते छापेमारी कर हजारों लीटर अवैध नकली शराब व स्पिरिट समेत शराब बनाने के सामान बरामद किये थे.
