MUZAFFARPUR में लुटेरों का तांडव, व्यवसायी से 4 लाख लूटे तो महिला अधिवक्ता का बैग झपटा

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र जिला पुलिस-प्रशासन के चुस्त-दुरुस्त प्रशासनिक व्यवस्था के बीच आज फिर लुटेरों ने अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर पुल के समीप अंडा व्यवसायी को हथियार के बल पर लूट लिया वहीं काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के एसकेजे लॉ कॉलेज के पास से एक महिला अधिवक्ता से पर्स झपट कर एक बार फिर बेख़ौफ़ अपराधियों ने पुलिसिया व्यवस्था को खुलेआम चुनौती देकर यह साबित कर दिया की उन्हें कानून व्यवस्था का कोई खौफ नहीं. अपराधियों के लिये अहियापुर इलाका सेफजोन साबित हो रहा है. कई मामलों के उद्भेदन में पुलिस अभी तक सफल नहीं हो सकी है.

ये घटनाएं पुलिस के शीर्ष पदाधिकारियों के खोखले दावों की पोल खोल रही हैं. चुनाव अत्यंत संवेदनशील अवसर होता है, जब शांति और अमन-चैन की बेहद जरूरत होती है. ऐसे में जगह-जगह अपराध होते रहेंगे तो भयमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कैसे संभव हो सकेगा.

हालांकि इस मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने घटना में शामिल गिरोह को चिन्हित कर पुलिस टीम द्वारा अपराधियों की धर पकड़ में जुटने की बात कही है.

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर 1:30 बजे अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा जगरनाथ निवासी अंडा व्यवसायी मो. इसरार अपनी उजली अपाचे बाइक से बिक्री के तीन लाख 92 हज़ार रुपये बैंक में जमा कराने जा रहे थे. इस बीच अहियापुर के दादर पुल के समीप इमली चौक पर पीछे से आ रहे पल्सर गाड़ी पर सवार तीन अपराधकर्मियों ने ओवरटेक कर उनकी गाडी गिरा दी.

बाइक गिरते ही अपराधियों ने पिस्टल दिखा कर रुपयों से भरा बैग छीनने के साथ ही उनकी अपाचे बाइक भी लूट कर चलते बने. भागने के क्रम में अपराधियों द्वारा तेज रफ़्तार बाइक संभाल नहीं पाए और असंतुलित होकर बिजली के खम्भे से टकरा गई. बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अपाचे बाइक छोड़ पल्सर पर सवार एक अन्य अपराधी के साथ भाग निकले. अपराधियों के दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने की भी बात कही जा रही है.

सूचना मिलते ही अहियापुर थानाध्यक्ष सोना प्रसाद दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँच कर मामले की जांच की और अपराधियों के भागने की दिशा में जाकर जांच-पड़ताल की और व्यवसायी की दुर्घटनाग्रस्त बाईक को बरामद कर थाना पहुँचे.
पीड़ित मो. इसरार ने बताया की अहियापुर थानांतर्गत जीरोमाइल चौक पर अंडो के थोक व्यवसायी है.

दादर पुल के समीप अपराधियों ने ओवरटेक कर बाइक गिरा कर पिस्तौल के बल पर बैग में रखे 3.92 लाख रुपये के साथ ही अपाचे बाइक भी ले भागे. तीन अपराधियों में दो ने अपना मुँह बांध रखा था. इस सम्बन्ध में अहियापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

गौरतलब हो कि विगत चार माह में अहियापुर थाना क्षेत्र में दर्जनों अपराध की घटनायें घट चुकी है. अहियापुर थाना क्षेत्र में लगातार अपराध के मामले में बेतहाशा वृद्धि को देखते हुए गत 5 मार्च को वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार द्वारा शिथिल पड़े आउट पोस्ट को अहियापुर थानाध्यक्ष के नियंत्रण में 1 पुलिस अवर निरीक्षक, 1 सहायक अवर निरक्षक, 1/4 सशस्त्र पुलिस बल समेत एक वाहन और एक मोटरसाइकिल की प्रतिनियुक्ति के साथ ही पुन: संचालित करते हुये अहियापुर इलाके के झपहां, एसकेएमसीएच, संगमघाट इलाकों में नजर रखते हुये औचक वाहन जांच व इलाके के सक्रिय अपराधियों की सूची बनाकर कड़ी कार्रवाई के निदेश दिये गये थे. बावजूद प्रशासन इस पर अंकुश लगा पाने में विफल साबित हो रही है. कुछ दिनों पूर्व ही बंशी स्वीट्स के मैनेजर को लूट के दौरान अपराधियों ने गोली मार दी थी.

महिला अधिवक्ता से बैग झपटा

दूसरी घटना काजीमोहम्मदपुर के गन्नीपुर मोहल्ले की है, जहाँ एक महिला अधिवक्ता से उचक्कों ने बैग झपट लिया. थाना में दिये आवेदन के अनुसार वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के पीरापुर मथुरा निवासी महिला अधिवक्ता मधु कुमारी वर्तमान में रामदयालु नगर में रहतीं है. आज कोर्ट से लौटने के बाद बिहार विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्टेट बैंक से 14,000 रुपये की निकासी कर कलमबाग चौक होते हुये गन्नीपुर के रास्ते रामदयालु स्थित घर लौट रहीं थीं. इस बीच 1:45 बजे दोपहर में हनुमान मंदिर से आगे बढ़ते ही बाइक सवार दो अपराधियों ने उनका बैग झपट लिया. जब तक वे कुछ समझ पाती तेज रफ्तार बाइक सवार अपराधी निकल भागे.

महिला अधिवक्ता ने बताया कि बैग में नगद चौदह हजार रुपयों के अलावा ग्राम कचहरी पीरापुर मथुरा का पत्र आगमन पंजी, पत्र निर्गमन पंजी, वंशावली निर्गमन पंजी, लोक सूचना अधिकार से संबंधित कागजात, सिविल कोर्ट मुजफ्फरपुर के मुकदमा संबंधित कागजातों सहित अन्य जरूरी कागजात थे. काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष मो. शुजाउद्दीन ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस घटनास्थल की जांच पड़ताल करते हुये आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. बाईकर गिरोह द्वारा लगातार छिनतई की घटना को अंजाम दिया जा रहा है. सिकंदरपुर इलाके में एक महिला से चेन झपटने मामले में भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं.

जिले में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है. खासकर सड़क लूट की बढ़ी वारदात से व्यवसायियों में दहशत का माहौल है. जिले में लगातार बढ़ रही घटनाओं से लोगों पर दहशत का साया मंडराने लगा है. गत एक महीनों में आधा दर्जन से अधिक लूट की वारदात के बाद व्यवसायी पूरी तरह दहशत में हैं. अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ चुका है कि रात के अंधेरे तो दूर दिन दहाड़े सड़कों पर व्यवसायियों को लूट रहे हैं. अपराधियों पर अंकुश लगा पाना पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती साबित हो रही है. एक पखवाड़े के आंकड़ों को देखे तो हर दूसरे दिन एक घटना घट रही है. लगातार बढ़ रही घटनाओं पुलिस प्रशासन पर अंगुलियां उठने लगी है. पुलिस गश्ती की बात भी बेमानी साबित हो रही है.

अक्सर लूट की घटना के बाद विभिन्न थाना द्वारा आनन फानन में वाहन जांच शुरू कर दी जाती है. लेकिन इसमें पुलिस को कोई खास सफलता हाथ नहीं लगती है. पुलिस की इस विफलता से यह भी साफ है कि पुलिस का मुखबिर कमजोर पड़ रहा है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading