MUZAFFARPUR लोस चुनाव हेतु 22 उम्मीदवारों के नाम ईवीएम में दर्ज, मतदान को लेकर तैयारियाँ पूर्ण : डीएम

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : आगामी 6 मई को होने वाले चुनाव के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों के बारे में जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी. इस दौरान सामान्य प्रेक्षक बालकृष्ण त्रिपाठी और पुलिस प्रेक्षक आर जी दाभडे़ उपस्थित रहे.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी देते हुये बताया कि आज नामांकन वापसी की निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के दौरान किसी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया जिससे सभी 22 उम्मीदवारों के क्रम संख्या निर्धारित कर चुनाव चिन्ह प्रदान कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि 15 उम्मीदवार से अधिक होने पर सभी मतदान केन्द्रों पर एक से ज्यादा ईवीएम मशीन लगाये जायेंगे, जिसके ये चुनाव आयोग को सूचित कर पर्याप्त मात्रा में ईवीएम मशीनों की व्यवस्था कर ली गई है.

15 मुजफ्फरपुर लोकसभा चुनाव के लिए 37 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा था. जिसमें स्क्रूटनी के दौरान 15 उम्मीदवारों के नामांकन को रद्द कर दिया गया था जिसके बाद बचे 22 प्रत्याशियों के नाम को क्रमबद्ध कर ईवीएम में नंबर देते हुये औपबंधिक रुप से प्रतीक चिन्ह प्रदान कर दिया गया है. कुल 22 प्रत्याशियों के ईवीएम क्रम को तय किया गया है.

जिसमें 1 पर अजय निषाद, (भारतीय जनता पार्टी), 2 पर स्वर्ण लता सहनी (बहुजन समाजवादी पार्टी), 3 पर अनिरुद्ध सिंह (ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक), 4 पर जोहर आजाद (बहुजन मुक्ति पार्टी), 5 पर देवेंद्र राकेश (बज्जिकांचल विकास पार्टी), 6 पर धर्मेंद्र पासवान (भारतीय मोमिन फ्रंट), 7 पर नंदन कुमार (जनता पार्टी), 8 पर नागेश्वर प्रसाद सिंह (राष्ट्रीय राष्ट्रवादी पार्टी), 9 पर पंकज कुमार, (आप और हम पार्टी), 10 पर प्रदीप कुमार सिंह (शिवसेना), 11 पर मोहम्मद इदरीश (एसयूसीआई),

12 पर राज भूषण चौधरी (वीआईपी), 13 पर रेनू खारी (जन अधिकार पार्टी), 14 पर शिव शक्ति मोनू (बिहार लोक निर्माण दल) 15 पर शिव बिहारी सिंघानिया (भारत निर्माण पार्टी) 16 पर सुखदेव प्रसाद (वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल), 17 पर सुधीर कुमार झा (युवा क्रांतिकारी पार्टी), 18 पर सुरेंद्र राय (राष्ट्रीय हिंद सेना) , 19 पर अजितांश गौड़ (निर्दलीय), 20 पर मुकेश कुमार (निर्दलीय), 21 पर रितेश प्रसाद (निर्दलीय) और 22 पर सुरेश कुमार (निर्दलीय) शामिल हैं.

उन्होंने कहा कि दागी उम्मीदवार कम से कम 3 बार चुनाव प्र्चार खत्म होने की तिथि तक कम से कम तीन बार अखबार के माध्यम से आपराधिक मुकदमों की जानकारी देंगे, उम्मीदवारों की पार्टी भी अपने प्रत्याशियों के लिये अखबार में विज्ञापनों के माध्यम से प्रसार कर सकती है. चुनाव आयोग के अधिकारी प्रत्याशियों के चुनावी व्यय पर नजर बनाये रखे हैं. मतदाताओं के लिये 24 घंटे टाॅल फ्री नम्बर 1950 की सुविधा है जिससे वे अपने बूथ संख्या, मतदान केन्द्र, मतदान अधिकारी आदि की जानकारी ले सकते हैं.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने महिलाओं और दिव्यांगों के लिये प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था किये जाने की बात कही. उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्र तक ईवीएम लाने ले जाने वाले वाहनों का उपयोग दिव्यांगों और बुजुर्गों को मतदान केन्द्र तक लाने ले जाने के लिये भी किया जा सकता है. शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान हेतु संवेदनशीलता के मद्देनजर बूथों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की जायेगी. सभी बूथों पर पेयजल, अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था मतदान से एक दिन पूर्व कर ली जायेंगी. मतदाताओं के बैठने और बढती गर्मी को देखते हुये पंचायत भवन, सामुदायिक भवनों में शेड (तिरपाल) आदि की व्यवस्था की जा रही है. जिले के 137 चिन्हित स्थलों पर समुचित पेयजल व्यवस्था हेतु 137 चापाकल की मरम्मति और नये चापाकल लगाये जा रहे हैं.

उन्होंने बताया कि मतदान करने के लिये चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार 12 मान्य दस्तावेजों में कोई एक प्रमाण साथ लेकर अवश्य जायें, यथा पैन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट, बैंक पासबुक आदि. स्वीप कार्यक्रम के माध्यम से चलाई जा रही मतदाता जागरुकता अभियान के तहत प्रयास किया जा रहा है कि मतदान शत प्रतिशत हो. मतदान का औसत प्रतिशत 60% देखा गया है पर स्वीप कोषांग द्वारा आयोजित मतदाता जागरुकता के तहत आयोजित कार्यक्रम से इस बार उसके सार्थक परिणाम सामने आयेंगे और मतदान के प्रतिशत में इजाफा होकर 75-80% तक बढ़ने की संभावना है.

सामान्य प्रेक्षक और पुलिस प्रेक्षक का शहर में आगमन हो चुका है, उनके द्वारा हरेक चुनावी गतिविधियों का बारीकी से पर्यवेक्षण किया जा रहा है. मतदान करने का समय सुबह 7 बजे से संध्या 6 बजे तक निर्धारित है, पर अगर मतदाता 6 बजे संध्या में भी आते हैं तो भी वे मतदान कर सकते हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.