अगले साल से डीजल कारों का उत्पादन बंद करेगी मारुति

मारुति ने गुरुवार को बड़ा एलान किया है। मारुति का कहना है कि वह अगले साल से डीजल कारों का उत्पादन बंद कर रही है। अगले साल से नए बीएस-6 मानक लागू होने हैं, लेकिन उससे पहले ही मारुति डीजल कारों का उत्पादन बंद कर देगी।
मारुति सुजुकी ने गुरुवार को 2018-19 की चौथी तिमाही के परिणामों का एलान करते हुए कहा कि वह अगले साल 01 अप्रैल 2020 से डीजल कारों को बनाना बंद कर देगी। मारुति के चेयरपर्सन आरसी भार्गव ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि वह 1500 सीसी से नीचे की कारों में डीजल इंजन नहीं देगी। उन्होंने कहा कि 1500 सीसी इंजन से नीचे की कारों में डीजल इंजन का कोई भविष्य नहीं है।

हालांकि भार्गव ने यह जरूर कहा कि अगर इस सेगमेंट में मांग बनी रहती है, तभी मारुति डीजल इंजन का उत्पादन जारी रखेगी। मारुति हर साल 450,000 डीजल कारें बेचती है, जो उसकी सालाना बिक्री का 30 प्रतिशत है। माना जा रहा है कि मारुति डीजल कारों की बजाय पेट्रोल और सीएनजी कारों पर फोकस करेगी। वहीं मारुति कुछ नए मॉडल्स को सीएनजी वैरियंट के साथ लांच करेगी।

मारुति ने 6.1 प्रतिशत की ग्रोथ के साथ इस साल 31 मार्च तक 17.35 लाख कारों की बिक्री की है। इनमें से 17.29 लाख यात्री वाहन हैं। वहीं मारुति ने हाल ही में अपनी एंट्री लेवल हैचबैक कार ऑल्टो और प्रीमियम हैचबैक बलेनो को बीएस-6 इंजन के साथ लांच किया है। हालांकि वाहनों के लिए भारतीय उत्सर्जन मानक अगले साल अप्रैल से लागू होने हैं, लेकिन उससे पहले ही मारुति अपनी कारों की बीएस-6 इंजन के साथ लांच करना चाहती है। इसके अलावा जल्द ही मारुति स्विफ्ट और डिजायर भी बीएस-6 इंजन के साथ लॉन्च होंगी।

इससे पहले जनवरी में खबरें आई थीं कि बीएस-6 नॉर्म्स लागू होने के बाद डीजल इंजन की कीमतों में भी 1 से 2 लाख रुपए तक का इजाफा होगा। जिसका सीधा असर कार की कीमतों पर पड़ेगा। मारुति शुरुआत से ही अपने ग्राहकों को वैल्यू फॉर मनी देने के लिए जाना जाता है। वहीं बीएस-6 के आने से कंपनी अपनी क्वालिटी के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहती। इससे पहले खबरें आई थीं कि मारुति ने अपने फेज आउट प्लान के तहत अपने डीलरों से सीएनजी डिस्पेंसिंग स्टेशंस का लाइसेंस लेने के लिए कहा था।

वहीं टाटा मोटर्स भी डीजल इंजनों को लेकर जल्द ही बड़ा कदम उठा सकती है। टाटा मोटर्स अपनी कुछ कारों में डीजल इंजनों को बंद कर सकती है। टाटा का यह कदम मारुति और महिन्द्रा के उस ऐलान के बाद आया है, जिसमें दोनों कार कंपनियों ने कहा था कि आने वाले वक्त में छोटी कारों में डीजल इंजन बंद किया जा सकता है। लेकिन मारुति सुजुकी के विपरीत, भारत की दूसरी सबसे बड़ी एसयूवी निर्माता कंपनी महिन्द्रा एंड महिन्द्रा डीजल इंजन पेश करना जारी रखेगी, इसकी वजह ये कि कंपनी मानती है कि बड़ी एसयूवी मॉडल्स में डीजल इंजन की मांग अभी भी बरकरार है।

इंजन को बंद करने की एक वजह यह भी है कि जिस तरह से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अंतर कम हो रहा है, उसके चलते ही कार कंपनियां इस रणनीति पर विचार कर रही हैं। इससे पहले 1 जनवरी 2018 को डीजल की तुलना में पेट्रोल 17.2% महंगा था, लेकिन अब यह अंतर घटकर मात्र 7.1% रह गया।

छोटी कारों में मारुति के डीजल इंजन बंद करने की एक वजह यह भी है कि मारुति को 1.3 लीटर का डीजल इंजन सप्लाई करने वाली फिएट ने मारुति को पहले ही सूचित कर दिया है कि 31 मार्च 2020 के बाद बीएस-6 नियम लागू होने के बाद वह 1.3 लीटर वाले डीजल इंजन की सप्लाई नहीं कर पाएगी। फिएट का कहना है कि इसके अपडेशन में बहुत खर्च आएगा। यह इंजन मारुति के कई मॉडल्स स्विफ्ट, अर्टिगा, बलेनो, एस-क्रॉस और सियाज में दिया जाताहै। वहीं मारुति अब अपना 1.5 लीटर का डीजल इंजन ला रही है, जो बीए-6 मानकों के मुताबिक होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.