MOTIHARI (ARUN KUMAR) : 12 मई को वाल्मीकिनगर, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में छठे चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर निष्पक्ष चुनाव हेतु कानून व शांति व्यवस्था एवं निर्वाचन प्रक्रिया की समीक्षा के लिए शनिवार को तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक नय्यर हसनैन खान ने मोतिहारी में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.
बैठक में आदर्श आचार संहिता विधि व्यवस्था, दैनिक प्रतिवेदन, शस्त्र अनुज्ञप्ति व सत्यापन, शस्त्र दुकानों का सत्यापन, वारंट निबटारा, गुंडा पंजी सत्यापन, 107 की निरोधात्मक कार्रवाई, सीसीटीवी व चेकपोस्ट आदि की समीक्षा की गई.

समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक ललन कुमार प्रसाद, बेतिया पुलिस अधीक्षक जयंतकांत, मोतिहारी पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कुमार शर्मा, तीनों जिलों के पुलिस उपाधीक्षक, सर्किल इंस्पेक्टर समेत एसडीपीओ मौजूद रहे.

जोनल आईजी ने वाल्मीकीनगर, पूर्वी चम्पारण और पश्चिमी चम्पारण संसदीय क्षेत्र में शांतिपूर्ण व भयमुक्त माहौल में मतदान प्रक्रिया के लिए पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली और कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए. पूर्वी चंपारण नेपाल व यूपी सीमा से जुड़ा हुआ है. इसको लेकर खुली सीमा पर सुरक्षा को लेकर कहा कि सीमाओं से सटे राज्यों की पुलिस चुनाव के दिन सीमा को सील कर सघन गश्ती करेगी, जिसके लिये सीमावर्ती राज्यों के पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर ली गई है. सीमावर्ती राज्यों की सीमा और चेकपोस्टों पर सीसीटीवी कैमरा लगाये जा रहे हैं. भारत-नेपाल सीमा को सील नहीं किया जायेगा, कोई भी व्यक्ति पहचान पत्र दिखा कर आ-जा सकता है.

बैठक उपरांत प्रेस वार्ता के दौरान जोनल आईजी ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर तिरहुत प्रक्षेत्र के सभी जिलों में चुनाव पूर्व तैयारियों की समीक्षा की जा रही है. लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चलाये जा रहे अभियान के तहत भारी मात्रा में अवैध शराब व आग्नेयास्त्रों की बरामदगी की गई है, हजारों की संख्या में वारंटियों और अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है. चेकपोस्ट पर भी जांच व तलाशी के दौरान कई उपलब्धियाँ हासिल हुई हैं. चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने वालों को चिन्हित करते हुये कार्रवाई की जा रही है. 85 फीसदी अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है. किसी भी अवांछित तत्वों को बख्शा नहीं जायेगा.

सभी थानों में गुण्डा पंजी अद्यतन किया जा रहा है, इस दौरान कई थानों में नये नाम भी जोडे़ गये हैं. तीनों जिलों में थाना स्तर पर गुण्डा परेड करवा कर सर्वे कर उनकी हाजिरी ली गई है. पंजी में दर्ज पूर्व के नामों के आधार पर दोषियों को थाना पर बुलवा कर भी हाजिरी लेते हुये उनसे संबंधित वर्तमान की नई सूचनाओं का संकलन किया गया है. उन्हें सख्त ताकिद कर कहा गया है कि उनकि हर एक गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है, उनके द्वारा किसी प्रकार की गड़बड़ी करने की सूचना पर उन्हें गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी. पश्चिमी चम्पारण के बेतिया जिले में कुछेक मामलों में गुण्डा पंजी सत्यापन के दौरान आचरण संदिग्ध पाये जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पैरामिलिटरी फोर्स के साथ ही अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती के साथ ही एसटीएफ, सैप और राज्य पुलिस की तैनाती की जाएगी. होमगार्ड का कार्य मतदाताओं को पंक्तिबद्ध करना होगा. भयमुक्त वातावरण में मतदान कराने को जोनल आईजी ने प्राथमिकता बताया.

संवेदनशील बूथों का भौतिक सत्यापन कर लिया गया है. जिलों में अर्द्धसैनिक बलों व राज्य पुलिस की तैनाती की गई है जिनके द्वारा इलाकों में भ्रमण और गश्ती करते भयमुक्त वातावरण बनाने के सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं. उन्होंने कहा की चुनाव के मद्देनज़र जिलों को पर्याप्त मात्रा में अर्द्धसैनिक बलों दिया जा रहा है, सुरक्षा बलों की कोई कमी नहीं होगी.

जोनल आईजी ने कहा कि चुनाव को बाधित करने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है. इसके लिए व्यापक तैयारी की गई है. उन्होंने एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों को विशेष दिशा निर्देश दिया. बैठक के दौरान आईजी ने कहा कि निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव कराना पुलिस की पहली प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर आपराधिक व अशांति फैलाने वालों तत्वों पर कठोर कार्रवाई करने की जरूरत है. 