चौथे चरण के मतदान के दौरान पश्चिम बंगाल में अलग-अलग इलाकों में हुई हिंसा में कई लोग घायल हुए। सिलिगुड़ी के माटीगारा इलाके में एक भाजपा के एक बूथ अध्यक्ष और उनके भाई को भी गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद दोनों ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा ने उत्तम मंडल सिलिगुड़ी के न्यू कॉलोनी स्थित एक मतदान केंद्र का अध्यक्ष बनाया है। सोमवार को वह अपने भाई गौतम मंडल के साथ थे। इसी दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उन दोनों के साथ मारपीट की। इस मारपीट में उत्तम के सिर में गंभीर चोट आई है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर पूछताछ और छानबीन शुरू कर दी है।

सोमवार को चौथे चरण के मतदान के दौरान आसनसोल लोकसभा सीट के जेमुआ में एक मतदान केंद्र के बाहर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। वहीं, बीरभूम में भी टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई थी। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। आसनसोल से निवर्तमान सांसद और भाजपा उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो की गाड़ी पर भी हमला किया गया था। टीएमसी के लोगों पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वह सुबह से अलग-अलग मतदान केंद्रों पर जा रहे थे, लेकिन जेमुआ में उन्हें घेर लिया गया। उनकी गाड़ी पर हमला किया गया और लोगों ने गाड़ी के शीशे तोड़ डाले थे।
मतदान के दौरान बंगाल में हो रही हिंसाओं पर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिला था। भाजपा प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी के अनुसार, उन्होंने निष्पक्ष मतदान के लिए हर हाल में केंद्रीय बलों की तैनाती सुनिश्चित कराए जाने की मांग की थी। वहीं, बीरभूम में एक बूथ पर हुई फायरिंग को लेकर टीएमसी ने भी आयोग को पत्र लिखकर शिकायत की थी। टीएमसी का आरोप था कि ऐसा कर के केंद्रीय बल मतदाताओं के बीच भय का माहौल पैदा कर रहे हैं।