प्रधानमंत्री ने बिहार में की भावनात्मक अपील, ये आखिरी चुनावी सभा नहीं, मैं फिर एक बार विकास की गंगा लेकर आपके बीच आऊंगा

पटना से सटे पालीगंज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बिहार में इस लोकसभा चुनाव की आखिरी चुनावी सभा को संबोधित किया और भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि आज ये मेरी आखिरी चुनावी सभा है। अंतिम सभा में आप सबों का आशीर्वाद चाहता हूं। लेकिन ये इस बार के चुनाव की आखिरी सभा है मैं इसके बाद भी प्रधानमंत्री पद को सेवा के भाव से स्वीकर करते हुए मैं फिर एक बार विकास की गंगा लेकर आपके बीच आऊंगा।

इसके साथ ही मंच से पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। पीएम ने कहा कि बिहार ने हर पल मेरा साथ दिया है, मैं सिर झुकाकर आप सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं। पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि महा मिलावटी लोग दिल्ली में एक मजबूर सरकार का सपना पाले हुए हैं। लेकिन उनकी उम्मीदों पर देश ने पानी फेर दिया है। अब इनके पास दो ही मुद्दे हैं। मोदी की छवि खराब करो और मोदी को हटाओ। ये लोग केवल नकारात्मकता से भरे हुए लोग हैं। इनको अहसास नहीं कि मोदी यहां 120 करोड़ लोगों के आशीर्वाद से है।

उन्होंने कहा कि मेरा प्रधानमन्त्री और मुख्यमंत्री के तौर पर जनता की सेवा का करीब दो दशक का कार्यकाल रहा है। जनता ने मुझे हमेशा भरपूर प्यार दिया। पीएम मोदी ने पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रामकृपाल यादव के समर्थन में लोगों से वोटिंग की अपील की और कहा कि यहां की जनता पर मुझे पूरा भरोसा है कि सही उम्मीदवार को ही चुनेगी।

प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर सभा स्थल पर उतरा। मंच पर उपस्थित भाजपा के प्रत्याशी राम कृपाल यादव ने भारत माता की जय के नारे लगाए। सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान भी मौजूद हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.