
SONEPUR (ARUN KUMAR) : गुरुवार 16 मई को तिरहुत प्रक्षेत्र के जोनल आईजी नैय्यर हसनैन खान की अध्यक्षता में सारण डीआईजी व एसपी समेत सिवान, गोपालगंज और वैशाली के पुलिस पदाधिकारियों के साथ सोनपुर के निरीक्षण भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस दौरान उन्होंने कहा की 6 मई को पांचवें चरण का मतदान संपन्न हो चुका है. अब 23 मई को वोटों की गिनती होगी और चुनाव के नतीजे जारी किए जाएंगे. इस दौरान पुलिस के लिए पोस्ट पोल और मतगणना पश्चात् विधि व्यवस्था संधारण चुनौती होगी. पुलिस अधीक्षकों की निगरानी में मतगणना स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. विधि व्यवस्था में बाधक बनने वाले अराजक तत्वों को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें.

जोनल आईजी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को हरसम्भव प्रयास कर कैश लूट और छिनतई रोकने के आदेश के साथ ही अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने के निदेश दिए हैं. समीक्षा बैठक में पुलिस महानिरीक्षक नैयर हसनैन खान के अलावा, सारण पुलिस उपमहानिरीक्षक विजय कुमार वर्मा, सारण पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय, सिवान पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा, गोपालगंज पुलिस अधीक्षक राशिद ज़मां, वैशाली पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लों समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.

उन्होंने डीएसपी स्तर से पर्यवेक्षण रिपोर्ट ससमय प्राप्त नहीं होने पर कई गंभीर मामले लंबित पड़े होने पर रोष जताते हुए अगले 10 दिनों में मामले निष्पादित कर रिपोर्ट जमा करने के आदेश दिए. उन्होंने सारण डीआईजी और उपस्थित सभी पुलिस अधीक्षकों को चेतावनी भरे लहज़े में कहा की अपराध नियंत्रण में विफल निष्क्रिय थानाध्यक्षों को अविलम्ब निलंबित करें. जोनल आईजी ने कैश लूट और छिनतई की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा की लूट की घटनाओं के सफल उद्भेदन में पुलिस को अपेक्षाकृत खास कामयाबी हासिल नहीं हो पा रही है. उन्होंने मौजूद सभी पुलिस अधीक्षकों को रणनीति के तहत सम्बंधित जिलों के लुटेरों, अपराधियों को चिन्हित करते हुए अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निदेश दिए. शराब बरामदगी मामले में चिन्हित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ ही जिले में शराब तस्करी की संभावित रास्तों व इंट्री पॉइंट पर भी चौकसी बरतने की सलाह दी.

आईजी श्री खान ने पुलिस पेट्रोलिंग गश्ती पर विशेष ध्यान देते हुए चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया. अगले दस दिनों में मतगणना उपरांत अन्य जिलों में तैनात पुलिस बल की तैनाती कर दी जाएगी. पुलिस बल की कमी नहीं है, रक्षित पुलिस फोर्स का इस्तेमाल कर अपराध नियंत्रण और विधि व्यवस्था संधारण हेतु उपयोग करें पर अपराध के ग्राफ में यथाशीघ्र गिरावट होनी चाहिए. बैठक के दौरान आईजी श्री खान ने कहा की कैश लूट के मामले में प्रतिवेदित मामलों में कठोर क़ानूनी कार्रवाई के साथ एक माह के अंदर चार्जशीट दाखिल कर आरोपियों के विरुद्ध स्पीडी ट्रायल की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाये.

जमानत पर जेल से बाहर घूम रहे लूट कांडों के आरोपियों पर कड़ी निगाह बनाये रखें, किसी प्रकार की आपराधिक मामलों में संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें. जोनल आईजी ने पुलिस अधीक्षकों को रोस्टर आधार पर पुलिस अधिकारियों से रात्रि गश्ती और थानों का औचक निरीक्षण कराये जाने का आदेश देते हुए कहा कि इससे अन्य अधीनस्थ पुलिसकर्मी भी पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे. जोनल आईजी ने निर्देश दिए कि पीडि़त पक्षों की रिपोर्ट पर टाल मटोल न करते हुए अधिक से अधिक कार्रवाई की जाए.

उन्होंने कहा महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों को गंभीरता से लें. अपराधों की विवेचना सही ढंग से ससमय की जाए व न्यायालय में प्रकरण के विचारण के दौरान नियमित मॉनिटरिंग की जाए. जनता से प्राप्त होने वाली शिकायतों को गंभीरता से लें. शिकायत जांच में निष्पक्षता व पारदर्शिता लाई जाए. लोगों से शिष्टतापूर्ण व्यवहार किया जाए. प्रति सप्ताह जन सुनवाई के साथ-साथ जनसंवाद का भी आयोजन अपने-अपने क्षेत्रों में करे. उन्होंने समीक्षा बैठक में अपराध पर नियंत्रण हेतु कड़ी कार्रवाई और सघन वाहन जांच अभियान चलाने पर जोर दिया. उन्होंने पुलिस अधीक्षकों से कहा कि अपने-अपने जिले के तमाम चेकपोस्टों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के साथ तमाम चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच और चेकिंग अभियान चलाये.
