अंतिम चरण में 19 मई को होनेवाले मतदान को लेकर लोगों में बेहद उत्साह हैं। चारों तरफ नरेन्द्र मोदी के नाम की सुनामी चल रही है। उक्त बातें शुक्रवार को नगर स्थित एक सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान जाले (दरभंगा) विधानसभा के विधायक जीवेश झा ने कही। उन्होंने कहा कि मैं विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुका हूं।

नौजवान, किसान, मजदूर, व्यवसायी सभी ने एकस्वर में मोदी जी के पक्ष में मतदान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पीएम मोदीजी ने राष्ट्र की सुरक्षा के सवाल पर हमेशा देश व गांव-जवार की चिता की है। मोदी जी सभी योजनाओ को धरातल पर मूर्त रूप देकर सबका साथ सबका विकास किया है। आज हर गांव तक बिजली पहुंची है। राजद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग संविधान बचाने की बात कहते हैं और सोचे नहीं थे कि इनके परिवार का सूरज कभी अस्त होगा।

आज देश के संविधान की ताकत है कि बिहार में 15 साल राज करनेवाले मुख्यमंत्री जेल की सजा भुगत रहे हैं। अश्विनी चौबे के प्रयास से यहां मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिग कॉलेज, गोकुल ग्राम एवं चौसा में थर्मल पॉवर जैसे कार्यो की बदौलत चुनावी मैदान में हैं। इस मौके पर भाजपा नेता विध्याचल राय, दुर्गेश सिंह, अजय प्रताप सिंह सोनू राय और शक्ति राय सहित कई उपस्थित रहे।
