
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : आगामी 23 मई को 15 मुजफ्फरपुर एवं 16 वैशाली संसदीय क्षेत्र से सम्बंधित मतगणना का कार्य संपन्न होगा. इस हेतु सभी स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में 23 मई को होने वाले मतगणना का मॉक रन (पूर्व परीक्षण) किया गया. दोनों संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से सम्बंधित ट्रायल रन वास्तविक मतगणना स्थल, अहियापुर, बाजार समिति में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया. उक्त कार्य में ई-काउंटिंग और सुविधा सॉफ्टवेयर पर इंट्री करा कर जांच की गई.

मतगणना स्थल पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गए हैं. मोबाइल को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है. गोपनीयता और व्यवस्थाएं बनाये रखने हेतु केवल पासधारी ही प्रवेश कर सकेंगे. तम्बाकू, गुटखा समेत अन्य मादक पदार्थों के सेवन पर भी रोक रहेगी. मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जहाँ प्रत्येक स्तर पर पहचान पत्र की जांच के बाद ही प्रवेश करने की अनुमति होगी. मतगणना स्थल पर निगरानी के लिए चप्पे-चप्पे पर केंद्रीय अर्धसैनिक बल एवं बिहार पुलिस के जवान तैनात रहेंगे.

मतगणना केंद्र के पास मीडिया सेंटर स्थापित होगा. मीडिया कर्मियों को जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी बारी-बारी से एक समूह के रूप में अंदर ले जा सकेंगे, परन्तु मीडिया कर्मियों द्वारा किसी तरह की वीडियोग्राफी या फोटोग्राफी नहीं पर प्रतिबन्ध रहेगा. 15-मुजफ्फरपुर एवं 16-वैशाली संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के लिए पोस्टल बैलेट से सम्बंधित मतगणना स्थल बाजार समिति के गेट नं. 02 के ब्लॉक-ए में स्थापित किया गया है. जिसमे ईटीपीबीएस (ईलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट सिस्टम) एवं पोस्टल बैलेट के मतों की गणना होगी.

मतगणना परिसर में सभी आवश्यक व्यवस्था ससमय सुनिश्चित करने तथा विधि-व्यवस्था संधारण हेतु नियंत्रण कक्ष, समिति परिसर में पूर्व से निर्मित चेकपोस्ट कक्ष में कार्यरत रहेगा.
जिला योजना पदाधिकारी बबन कुमार (मो. 9471094375) एवं एसडीपीओ मुख्यालय सुरेंद्र कुमार पंजियार (मो. 7761841988) नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में तैनात रहेंगे. जीरोमाइल, अहियापुर से शहर की ओर किसी भी भरी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. जिला प्रशासन के आदेशानुसार विभिन्न चौक-चौराहो पर विधिवत रूप से वाहन चेकिंग किया जायेगा. सुरक्षा के दृष्टिकोण से अहियापुर छोड़ के पूरब में, बखरी मोड़ के पास सड़क पर, बाजार समिति के पूर्वी गेट के 100 मीटर पूरब, पश्चिमी गेट के 50 मीटर पश्चिम एवं बैरिया बस स्टैंड के उत्तर में ड्राप गेट बनाये गए हैं.
