एकता कपूर थोड़ा हटके वाली कहानियों पर काम करती हैं तो इस बार लेकर आई भोजपुरी लव स्टोरी, खड़ी बोली में। सिद्धार्थ मल्होत्रा हैं, परिणीति चोपड़ा हैं, संजय मिश्रा, जावेद जाफरी और अपारशक्ति खुराना के साथ तमाम दूसरे फुटकर कलाकार भी हैं। स्टोरी है बिहार में होने वाले पकड़ुआ विवाह की और ट्रेलर में सबसे हिट सीक्वेंस है ठुमके लगाने वाला पंजाबी गाना।

फिल्म जबरिया जोड़ी का ट्रेलर लंबे इंतजार के बाद सोमवार को रिलीज हुआ। जबरिया जोड़ी अभी से मैदान में कमजोर दिख रही है। सबसे बड़ी दिक्कत है फिल्म की लीड कास्ट। न सिद्धार्थ मल्होत्रा किसी कोने से बिहार के सिंह साहब नजर आते हैं और न ही परिणिती में बिहार की लड़कियों जैसा तेवर दिखता है।
