आने वाले दिनों में ग्रह नक्षत्र की चाल बदलने से आपको अपने जीवन में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। दरअसल 16 अगस्त से वैभव और विलासिता स्वामी और दैत्यगुरु शुरू ग्रह का राशि परिवर्तन हो रहा है। शुक्र ग्रह के राशि परिवर्तन से सभी 12 राशियों के जातकों को प्रभावित करेगा। कर्क राशि में रहने के बाद अब 16 अगस्त की रात से शुक्र सिंह राशि में प्रवेश कर रहे हैं। शुक्र के राशिपरिवर्तन का प्रभाव 17अगस्त से माना जाएगा। शुक्र अब सिंह राशि पर 9 सितंबर तक रहेंगे।

पंडितों के अनुसार, शुक्र का सिंह राशि में जाना बहुत शुभ नहीं होगा क्योंकि सिंह राशि के स्वामी सूर्य के साथ शुक्र की चिर परिचित शत्रुता है। कुंडली में शुक्र को जातक के मकान, वाहन, भोग विलास, सौंदर्य, संतान सुख, राजपद आदि का कारक माना जाता है। ऐसे में इन्हीं विषयों पर शुक्र का प्रभाव देखने को मिलेगा।

मेष राशि- मेष राशि वालों के लिए यह समय अनुकूल होगा। उन्नति के साधन उपलब्ध होंगे। कुछ रुके हुए काम सिद्ध हो सकते हैं।
वृष- इस राशि के जातकों के लिए कर्म क्षेत्र से जुड़े हुए कार्यों में सफलता का योग है। कर्म क्षेत्र में कुछ परिवर्तन हो सकते हैं। विपरीत लिंग के सहयोगियों के प्रति काम के दौरान सतर्कता बरतने की आवश्यकता है
मिथुन- इस राशि वालों को आय के क्षेत्र से जुड़े हुए कार्यों में सफलता मिलेगी। पद, प्रतिष्ठा, सम्मान प्राप्त होने के संयोग उत्पन्न होंगे। स्थान परिवर्तन या पद परिवर्तन हो सकता है।
कर्क- कर्क राशि के वालों के लिए यह समय प्रतिकूल हो सकता है। बहुत सावधान रहने की आवश्यकता है। घरेलू कलह, पारिवारिक विवाद और आर्थिक चिंता मानसिक क्लेश का कारक बन सकती है।

सिंह-इस राशि के जातकों के लिए यह समय सामान्य रहेगा। घनिष्ठ लोगों के प्रति अत्यधिक विश्वास दु:ख का कारण बन सकता है। मानसिक क्लेश और अपव्यय, प्रवास की सम्भावना बनेगी।
कन्या-इस राशि के जातकों के लिए यह समय लाभदायक होगा। कुछ रुके हुए कार्य बनेंगे। आर्थिक पक्ष में सुधार होगा। अपनों का स्नेह, प्रेम प्राप्त होने की सम्भावना है।
तुला- इस राशि के लोगों के लिए यह समय अनुकूल होगा। पराक्रम, शौर्य और अपने परिश्रम के बल पर आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे। सहयोगियों, कुटुम्बीजनों का सहयोग प्राप्त होगा।
वृश्चिक- इस राशि के जातकों के लिए यह समय सावधानी की मांग कर रहा है। विशेष रूप से परिवार के सदस्यों के साथ व्यवहार में सतर्क रहने की जरूरत है। स्वास्थ्य की अनदेखी न करें। मधुमेह और शुक्र सम्बन्धी दोषों की प्रबलता हो सकती है।

धनु– इस राशि वालों के लिए यह अनुकूल समय है। लेखन, पठन-पाठन, अध्ययन, अध्यापन के क्षेत्र में सफलता प्राप्त होगी। शिक्षक और विद्यार्थी वर्ग के लिए यह समय विशेष रूप से लाभदायक है।
मकर- इस राशि के जातकों के लिए यह सामान्य समय है। मानसिक क्लेश, मित्रों से विवाद और अपव्यय की आशंका है। मधुमेह के रोगी इसमें विशेष सतर्कता बरतें।
कुम्भ– कुम्भ राशि वालों के लिए यह समय अनुकूल है। पत्नी पक्ष से सहयोग प्राप्त होगा किन्तु पत्नी के स्वास्थ्य के बारे में जागरूक रहें। व्यापारिक वर्ग के लिए यह समय अनुकूल होगा। सफेद वस्तुओं के व्यापारी लाभ प्राप्त करेंगे।
मीन- मीन राशि के जातकों के लिए भी यह समय प्रतिकूल है। वाहन चलाने में विशेष रूप से सतर्कता बरतें। विपरीत लिंग के सहकर्मियों से व्यवहार में सावधान रहें। सोच समझकर खर्च करें। आर्थिक पक्ष कुछ कमजोर हो सकता है।