टी-20 और वनडे सीरीज वेस्टइंडीज से जीतने के बाद भारतीय टीम अब टेस्ट चैंपियनशिप की तरफ बढ़ रही है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अभियान के तहत टीम इंडिया को वेस्टइंडीज से दो टेस्ट खेलने हैं। टेस्ट में भी भारतीय टीम संतुलित लग रही है। विराट कोहली के की प्लेयर रवींद्र जडेजा हाल ही में अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। ऐसे में वह एक शानदार रिकॉर्ड टेस्ट सीरीज के दौरान अपने नाम कर सकते हैं।

इस टेस्ट सीपीज में बाएं हाथ के इस स्पिनर एक माइलस्टोन तक पहुंच सकते हैं। जडेजा को 200 विकेट पूरी करने के लिए 8 विकेट की जरूरत है। यदि वह ऐसा कर पाने में सफल होते हैं तो वह 10वें भारतीय बन जाएंगे, जिन्होंने 200 या उससे अधिक विकेट लिए हैं।

साथ ही वह रविचंद्रन अश्विन के बाद सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन जाएंगे। आगामी टेस्ट सीरीज से पहले टीम प्रबंधन और विराट कोहली को कुछ ट्रिकी फैसले लेने होंगे। वह पांच गेंदबाजों-3 सीमर्स और 2 स्पिनर्स के साथ उतरेंगे या तीन स्पिनर्स के साथ। विराट कोहली तीन विशेषज्ञ स्पिनरों के साथ उतरना चाहेंगे।

वेस्टइंडीज के खिलाफ अश्विन ने हमेशा बढ़िया गेंदबाजी की है। रवींद्र जडेजा को भी अनदेखा नहीं किया जा सकता। वॉर्म अप मैच में कुलदीप यादव ने भी अच्छी गेंदबाजी की। हरभजन ने भी कहा है, ‘वर्तमान फॉर्म को देखते हुए कुलदीप नंबर वन गेंदबाज हैं। उनमें विकेट लेने की क्षमता है। रवींद्र जडेजा के भी टेस्ट में खेलने की पूरी संभावना है। अश्विन का वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड है।’