टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री इन दिनों टीम इंडिया के साथ वेस्टइंडीज दौरे पर हैं। हाल ही में रवि शास्त्री को टीम इंडिया का दोबारा हेड कोच चुना गया है। टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में 3-0 से क्लीनस्वीप किया और वनडे सीरीज में 2-0 से जीत दर्ज की। अब 22 अगस्त से भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। पहला टेस्ट मैच एंटीगा में खेला जाएगा। शास्त्री ने इस मैच से पहले विव रिचर्ड्स के साथ फोटो शेयर की है, जिसको लेकर उन्हें काफी ट्रोल किया जा रहा है।

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और दुनिया के महातम क्रिकेटरों में शुमार रिचर्ड्स के साथ फोटो शेयर करते हुए शास्त्री ने लिखा, ‘विद द मैन। अपने राज्या का राजा, एंटीगा। विव रिचर्ड्स #WIvIND’ इस फोटो पर काफी कमेंट्स आए हैं और ज्यादातर फैन्स ने शास्त्री को उनकी फिटनेस के लिए ट्रोल किया है। एक फैन ने लिखा कि रिचर्ड्स अभी तक फिट हैं और शास्त्री को उनसे सीखना चाहिए।

भारत और वेस्टइंडीज दोनों इस टेस्ट सीरीज के साथ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अपने सफर का आगाज करेंगे। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और श्रीलंका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का आगाज कर चुके हैं। भारत अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ जीतता है, तो उसके खाते में 60 प्वॉइंट्स जुड़ जाएंगे।