
गांव जलालाबाद निवासी दीपक कुमार भारतीय थल सेना में लांस नायक पद पर तैनात हैं। वह सेना की इंडियन आर्मी माउंटिंग टीम का हिस्सा हैं। 12 साल पहले वह भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। इस समय जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। ऊंचाई पर चढ़ने के अनुभव को देखते हुए उनकी पोस्टिंग माउंटिंग टीम में कर दी गई थी। दीपक कुमार ने बताया कि दो साल तक पहाड़ों पर चढ़ने की ट्रेनिंग दी गई। अब तीन दर्जन से अधिक देश-विदेश की ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहरा चुके हैं। इस बार उन्होने नौ दिन के अंदर 14 चोटियों पर तिरंगा फहराकर देश और अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया। गुरुवार को गांव जलालाबाद पहुंचने पर दीपक का स्वागत किया गया।

दीपक कुमार ने बताया कि 15 अगस्त से हिमाचल प्रदेश के भरतपुर स्थित नौ हजार फीट ऊंची चोटी पर सुबह तीन बजे चढ़ाई करनी शुरू की थी। मात्र चार घंटे के अंदर टीम ने चोटी पर तिरंगा फहरा दिया। इसके बाद 16 अगस्त को माउट यूनुम 20 हजार ऊंची चोटी पर चढ़ाई की। 17 अगस्त को लद्दाख में 21 हजार फीट की ऊंचाई वाले पर्वत के साथ चार पर्वतों पर भी तिरंगा फहराया। उन्होंने 18 अगस्त को पांच पर्वतों पर चढ़ाई की।