#MUZAFFARPUR #BIHAR #PATNA : बांग्लादेश की जेल से रिहा होने के बाद सतीश चौधरी शनिवार को दोपहर एक बजकर पांच मिनट पर अपने गांव हायाघाट प्रखंड के मनोरथा पहुंचा। सतीश के साथ मानवाधिकार कार्यकर्ता विशाल रंजन दफ्तुआर, उसका छोटा भाई मुकेश और भाई का दामाद पिंटू चौधरी भी थे। इससे पहले ये लोग शुक्रवार की रात ट्रेन से कोलकाता से पटना पहुंचे थे।

गांव में सभी लोग सतीश की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे थे। चारपहिया वाहन से उतरते ही ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। सतीश की मां कला देवी की आंखों से मारे खुशी के आंसू बहने लगे। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि उनका बेटा सही-सलामत घर पहुंच गया है। सतीश की एक झलक पाने के लिए सभी बेताब थे।

सबसे पहले कला देवी ने अपने लाडले का मुंह मीठा कराया। इसके बाद मुकेश और विशाल का भी मुंह मीठा कराया गया। इस दौरान ढोल-नगाड़े के साथ ही साउंड बॉक्स पर देशभक्ति के गीत बज रहे थे। परिजन तो खुशी से झूम रहे थे। सभी बारी-बारी से सतीश को गले लगा रहे थे। गांव के लोग पूछ रहे थे- सतीश, मुझे पहचाना कि नहीं। सतीश इस पर हामी भरता।
इसके बाद घर के पास बने पंडाल में लगी कुर्सी पर सतीश और उसके परिजनों को बैठाया गया। सभी सतीश से उसका हालचाल पूछ रहे थे। सभी के मन में यह जिज्ञासा थी कि बांग्लादेश में सतीश के 11 साल कैसे बीते। मौके पर विशाल दफ्तुआर भी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि सतीश की मां और बड़ी बहन के चेहरे पर छायी खुशी मेरे इंसान होने को सार्थक करती है। हालांकि उन्होंने इस बात पर अफसोस जाहिर किया कि पटना से लेकर दरभंगा तक न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी और न कोई जनप्रतिनिधि सतीश से मिलने आया। उन्होंने कहा कि सतीश को सकुशल घर पहुंचाकर कितनी खुशी मिल रही है इसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है।

Source : live hundustan