#BIHAR #INDIA : स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों में डयूटी के दौरान गायब रहने वाले 194 डॉक्टरों के खिलाफ का’र्रवाई की है। इनमें 83 डॉक्टरों को एक वेतन वृद्धि रोकने का दंड दिया गया है। वहीं, दूसरी ओर 111 डॉक्टरों के मानदेय में एक सप्ताह की कटौती की गयी है।

जिल डॉक्टरों पर कार्रवाई की गई है इनमें ड्यूटी पर देर से आने वाले डॉक्टर भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भारतीय चिकित्सा परिषद (एमसीआई), नई दिल्ली द्वारा राज्य के विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों के अनुपस्थित रहने और ड्यूटी पर देर से आते पाए जाने पर यह कार्रवाई की है। वर्ष 2018 के नवंबर और अप्रैल एवं मई, 2019 में अलग-अलग तिथियों को एमसीआई की टीम मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के निरीक्षण के लिए बिहार आयी थी। उस दौरान बड़ी संख्या में डॉक्टर अस्पतालों से गायब पाए गए थे। एमसीआई की टीम 26 नवंबर 2018, 15 अप्रैल और 03, 04, 10 व 16 मई को बिहार दौरे पर आयी थी। दंडित किए गए डॉक्टरों में बिहार चिकित्सा सेवा संवर्ग के संविदा के आधार पर नियुक्त शिक्षक, सीनियर रेजिडेंट, ट्यूटर, जूनियर रेजिडेंट एवं नियमित चिकित्सा शिक्षक शामिल हैं। इनमें 26 नियमित चिकित्सा शिक्षक भी हैं। स्वास्थ्य विभाग के अवर सचिव विवेकानंद ठाकुर द्वारा जारी आदेश में इन सभी डॉक्टरों को हिदायत दी गयी है कि वे भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति नहीं करें।
Source : live hindustan



