#PATNA #BIHAR #INDIA : गौड़िया मठ मीठापुर में इस बार भी भव्य दुर्गा पूजा आयोजन की तैयारी है। अनोखा पूजा पंडाल, प्रतिमा और शानदार लाइटिंग श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस बार यहां की पूजा भारतीय विज्ञान और वैज्ञानिकों के नाम समर्पित है। गौड़िया मठ मीठापुर स्थित यारपुर पुल के समीप पंडाल इस बार भारतीय वैज्ञानिकों की उपलब्धियों को समर्पित करते हुए चंद्रयान -2 सरीखा बनाया जा रहा है। इसमें प्लाई का अधिक काम हो रहा है। ओम साईं डेकोरेटर के ओपी इसे बना रहे हैं। यह पूजा पंडाल करीब 45 फुट का होगा। मां दुर्गा की प्रतिमा करीब 18 फुट की होगी। बांग्ला शैली में मां की प्रतिमा दिखेगी। इस प्रतिमा को रायपुर (छत्तीसगढ़) के प्रकाश राज और विकास राज बना रहे हैं। शुरू में दस हजार में पूजा हो जाती थी अब तो 15 से 20 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं।

विशेषताएं
– मां की भव्य 18 फुट की प्रतिमा स्थापित हो रही
– डिजिटल ग्राफिक्स लाइट से सेना की वीर गाथा दिखेगी
– विंग कमांडर अभिनंदन की भव्य प्रतिमा
– सेल्फी प्वाइंट भी होगा
– हर दिन महाभोग का वितरण, महाआरती होगी
– बांग्ला शैली में होगी प्रतिमा
– मां की प्रतिमा आशीर्वाद देती दिखेंगी

विक्रम लैंडर व एस्ट्रोनॉट की भव्य झांकी होगी
इस बार विक्रम लैंडर चंद्रयान की सतह पर नजर आएगा। वहीं विंग कमांडर अभिनंदन की भव्य प्रतिमा भी दिखेगी। इस प्रतिमा के साथ श्रद्धालु सेल्फी भी ले सकेंगे। खास आकर्षण होगा सेना की वीर गाथा की डिजिटल ग्राफिक्स लाइट से प्रदर्शन। पूरे गौड़िया मठ, सब्जी मार्केट रोड से यारपुर पुल तक डिजिटल ंप्रदर्शनी दिखेगी।

इस बार दुर्गा पूजा भारतीय विज्ञान और वैज्ञानिकों के नाम समर्पित है। पिछले वर्षों में केरल की विनाशकारी बाढ़ में जांबाज सेना और एनडीआरएफ के जवानों द्वारा लोगों को बचाए जाने का दृश्य जीवंत किया गया था। इस बार पूजा का पंडाल चंद्रयान 2 जैसा बनाया जा रहा है। 

