#PATNA #BIHAR #INDIA : वाहन चेकिंग अभियान के चलते लगातार दूसरे दिन शहर की सड़कों पर कम ऑटो चले। इस देखते हुए परिवहन निगम ने राजधानी में सिटी बसों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है। फिलहाल अलग-अलग रूटों पर दस बसें बढ़ाई जा रही हैं।

जिन रूटों पर बसें बढ़ाई जाएंगी, उसमें बेली रोड, एम्स और पटना सिटी रूट शामिल हैं। परिवहन निगम के इस निर्णय से पब्लिक ट्रांसपोर्ट को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रदूषण के साथ जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। अभी राजधानी में चौदह रूटों पर 110 बसों का परिचालन हो रहा है। हर दिन पचास हजार से अधिक लोग सिटी बसों में सफर कर रहे हैं।

महिला कॉलेजों में बसों का फेरा बढ़ेगा
नए मोटर परिवहन अधिनियम लागू होने के बाद सैकड़ों ऑटो का परिचालन बंद हो गया है। इसका सबसे अधिक खामियजा छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। ऑटो नहीं मिलने के कारण छात्राओं को दो-तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। इसको देखते हुए बांकीपुर बस डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक, अरविन्द कुमार ने बताया कि छात्राओं की समस्या को देखते हुए कॉलेजों में बसों का फेरा बढ़ा दिया जाएगा।

सघन वाहन चेकिंग अभियान के दूसरे दिन भी सड़कों पर कम ऑटो दिखे। इससे लोग परेशान रहे। ऑटो कम चलने का असर सिटी बसों पर दिखा। सड़क पर वही ऑटो चल रहे थे, जिसके कागजात सही थे। कई ऑटो घर से ही नहीं निकले। बेली रोड, बोरिंग रोड, अशोक राजपथ, दीघा रोड, कंकड़बाग, गांधी मैदान और रेलवे स्टेशन के इलाके में ऑटो मिलने में दिक्कत हुई।

शाम पांच बजे तक चला चेकिंग अभियान
सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक चेकिंग अभियान चलाया गया। हालांकि मंगलवार को प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में पर्व त्योहारों पर समीक्षा बैठक के चलते विशेष चेकिंग अभियान में ज्यादातर वरीय अधिकारी शामिल नहीं हुए। दोपहर बाद बिहार म्यूजियम के पास वाहनों की जांच की गई। एसपी ट्रैफिक अमरकेश डी ने बताया कि 788 वाहनों की जांच में 10 लाख दो हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
