#PATNA #BIHAR #INDIA : पटना का विश्व प्रसिद्ध बिहार म्यूजियम देसी पर्यटकों के साथ विदेशी पर्यटकों को भी खूब भा रहा है। म्यूजियम का सौंदर्य और ऐतिहासिक घरोहर पर्यटकों को अपनी ओर खींच रही है। बिहार म्यूजियम में हर साल करीबन साढ़े तीन लाख पर्यटक आ रहे हैं। इसमें विदेशी पर्यटकों की संख्या 40 से 50 हजार रहती है।

पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। म्यूजियम में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 85 करोड़ की लागत से नौ गैलरियां विकसित हो रही हैं। भवन निर्माण विभाग यह कार्य कर रहा है। पहले से बिहारी संतती, बुद्ध भ्रमण आंगन, ऐतिहासिक कला, अस्थाई प्रदर्शनी, अतीत का अध्ययन, अध्ययन केंद्र, चिल्ड्रेन गैलरी तैयार हो चुकी है। अब गैलरी सी, जी और ए विकसित की जा रही हैं। इस गैलरी में कैमूर की साढ़े छह सौ फुट ऊंची पहाड़ी पर माता मुंडेश्वरी मंदिर का दर्शन तो शेरशाह सूरी मकबरा, पटना साहिब का गुरुद्वारा, मनेर शरीफ की दरगाह और बोधिवृक्ष की अद्भूत प्रतिकृतियां देखने को मिलेगी।

इटली, जर्मनी और चीन के कलाकार आकर इसे मूर्तरूप देने में लगे हैं। पर्यटकों के लिए यह आकर्षण का केंद्र होगा। बिहार म्यूजियम और पटना म्यूजियम को 1300 मीटर लंबी सुरंग से आपस में जोड़ने की योजना है।

