
PATNA : राजधानी पटना में रविवार को दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई जिसमें एक आठ साल का बच्चा घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और रोड़ेबाजी हुई है। बताया जा रहा है कि कदमकुआं थाना के महमुद्दी चक के स्थानीय निवासियों और नशे के कारोबारियों के बीच मारपीट हुई है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस पर भी आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि पुलिस शराब, गांजा, अफीम व अन्य नशीले पदार्थों का कारोबार करनेवालों को संरक्षण देती है। रविवार को सुबह से ही दोनों पक्षों के बीच तू-तू, मैं-मैं हो रही थी।
धीरे-धीरे विवाद बढ़ते गया और शाम में नौबत गोलीबारी तक जा पहुंची। तनाव को देखते हुए पूरे इलाके में काफी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गयी है। मिली जानकारी के मुताबिक कदमकुआं थाना इलाके के राजेंद्र नगर रोड नंबर 10 में विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ गया कि भीषण रोड़ेबाजी शुरू हो गयी।
इसी बीच दूसरे पक्ष के असामाजिक तत्वों ने फायरिंग शुरू कर दी जिसके बाद आसपास मौजूद लोग भड़क उठे और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से उलझ पड़े। पुलिस के आलाधिकारियों ने पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है। हालांकि लोगों का यह आरोप काफी संगीन है कि पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों को संरक्षण दिया जा रहा है।