पंचायत के दौरान दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में युवक की पीट-पीट कर हत्या

समस्तीपुर. मुफस्सिल थाने के बेझाडीह गांव में रविवार सुबह पंचायत के दौरान दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में ग्राम कचहरी के सचिव कमेश राय के पुत्र मनीष कुमार (18 वर्ष) की पीटपीट कर हत्या कर दी गई।

घटना के विरोध में लोगों ने आरोपित के घर पर तोड़फोड़ कर घर का सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान बीच बचाव करने आए लोगों को भी आक्रोशित लोगों ने खदेड़ दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। गांव में दो गुटों के बीच तनाव को देखते हुए सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल कैंप कर रही है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है। घटना को लेकर मनीष के पिता कमेश राय के बयान पर नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है। आरोपित गांव से फरार हो गए हैं।

एक दिन पहले मारपीट को लेकर हो रही थी पंचायती, समझौता के बाद हुई घटना
मनीष व सोहेब के बीच किसी बात को लेकर एक दिन पूर्व मारपीट हुई थी। इसको लेकर गांव में रविवार सुबह पंचायत रखी गई थी। लोगों ने बताया कि पंचायत के दौरान समझौता होने के बाद ग्रामीण दोनों युवकों को हाथ मिलवा रहे थे कि सोहेब ने हाथ नहीं मिलाया और सहयोगियों के साथ मनीष पर टूट पड़ा। यह देख पंचायत में मौजूद लोग वहां से खिसक गए। दोनों गुटों के बीच जम कर मारपीट शुरू हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि जख्मी मनीष को लोगों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया। डीएमसीएच से पीएमसीएच रेफर करने पर लोगों ने उसे दरभंगा के एक बड़े हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान शाम में उसकी मौत हो गई।

अस्पताल में युवक की मौत की खबर पर भड़के लोग
बताया जाता है कि शाम में इलाज के दौरान युवक मनीष कुमार की मौत की सूचना बेझाडीह गांव पहुंची। जैसे ही यह सूचना मिली कि गुट विशेष के लोग भड़क उठे। देखते-देखते लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने आरोपित के घर पर हमला बोल दिया। उग्र लोगों ने आरोपित के घर में तोड़फोड़ कर घर का सामान आदि भी क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों के उग्र तेवर को देखते हुए घर वाले पीछे के रास्ते से फरार हो गए।

शांति बनाए रखने को पुलिस छावनी में तब्दील है बेझाडीह
युवक की मौत के बाद भड़के आक्रोश व तनाव को देखते हुए गांव को पुलिस छावनी बना दिया गया है। गांव में प्रवेश करने वाली सभी रास्तों पर पुलिस बलों की तैनाती कर दिया गया है। गांव में स्थानीय बीडीओ अंजन दत्ता के अलावा मुफस्सिल, नगर , मुसरीघरारी, उजियारपुर, ताजपुर, सरायरंजन आदि थानों की पुलिस कैंप कर रही है।

युवक की मौत के बाद दो गुटों में तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया। घटना में शामिल एक आरोपित को हिरासत में लिया गया है। पंचायत के दौरान मारपीट के बाद युवक की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। – विजय कुमार सिंह, मुख्यालय डीएसपी

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.