
PATNA : जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, बीजेपी राम मंदिर के मुद्दे को भुनाने में जुट गई है. बीजेपी राम मंदिर के मुद्दे को जीस तरह से उठा रही है, उससे जदयू इत्तेफाक नहीं रखता है. हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्यों कि आज सुप्रीम कोर्ट में इसी मामले पर सुनवाई होनी है. इसी बीच जदयू का बड़ा बयान सामने आया है. जदयू के प्रवक्ता संजय सिंह ने इस मामले पर सियासत को गरमाने वाला बयान दिया है.
मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने बीजेपी के मुद्दे पर खुद को किनारा करते हुए कहा है कि राम मंदिर हमारा एजेंडा नहीं है. उन्होंने साफ किया गया है कि वे विवादित मुद्दों पर हम किसी के साथ खड़े नहीं होंगे. जेडीयू के प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि रामजन्म भूमि एक विवादित मुद्दा है. इस पर कोर्ट जो फैसला लेगा वह माना जाएगा. संजय सिंह ने आगे कहा, बीजेपी का एजेंडा और हमारा एजेंडा अलग-अलग है.
इससे पहले भी संघ प्रमुख के राम मंदिर वाले बयान पर एनडीए की सहयोगी जनता दल यूनाइटेड ने आपत्ति जताई थी. जेडीयू महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि यह मामला अभी कोर्ट में चल रहा है, ऐसे में इस मुद्दे को उछालने की जगह अदालत के फैसले का इंतजार करना चाहिए.
केसी त्यागी ने मीडिया चैनल से बातचीत में कहा था कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है. हमारा मानना है कि हमें इस मुद्दे बेजा ढंग से उछालने की जगह कोर्ट के फैसले का इंतजार करना चाहिए. और अदालत का फैसला आने पर सभी पक्षों को इसका सम्मान करना चाहिए.
गौरतलब हो की आरएसएस प्रमुख इससे पहले भी कई बार यह कह चुके हैं कि आयोध्या में निश्चित रूप से जल्द ही राम मंदिर बनाया जाएगा. हालांकि यह पहला मौका था जब उन्होंने अपने विजयदशमी के भाषण में सावर्जनिक रूप से यह मांग रखी. ऐसे में इसे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए साफ इशारे की तरह देखा जा रहा है.