मेरठ । आज से 17 महीने पहले मेरठ के चौराहे पर दर्दनाक हादसा हुआ। स्कूटी सवार दादा-पोती को एक ट्रक रौंदता हुआ चला गया। 14 साल की बच्ची दो हिस्सों में बंट गई। घर की लाडली बिटिया ने मां की गोद में आइ लव यू कहकर दम तोड़ा। वहां खड़े कुछ लोगों ने यह हृदयविदारक दृश्य अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किए थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो देखने वालों का कलेजा कांप उठा। कुछ दिनों बाद दादा की भी सांसें थम गईं। अब इस परिवार में खुशियां लौटी हैं। 50 साल की उम्र में इस मां ने एक बेटी को जन्म दिया है। परिजनों का मानना है कि उनकी ‘कनक’ लौट आई है।
दुख कुछ कम हुआ
घर में बेटी पैदा होने पर शास्त्री नगर निवासी सराफा कारोबारी सुभाष वर्मा का दुख कुछ कम हुआ है। उनकी पत्नी राजेश वर्मा ने रविवार को बेटी को जन्म दिया। सुभाष वर्मा का कहना है कि यह उनकी वही बेटी कनक है, जिसकी 17 माह पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। नवजात बेटी का नाम उन्होंने ओम शक्ति रखा है।
दर्दनाक हादसा
सरधना के मुल्हैड़ा निवासी सराफा कारोबारी जगदीश शर्मा 24 मई 2017 को पोती कनक वर्मा को स्कूटी से ट्यूशन छोडऩे जा रहे थे। वह मेरठ पब्लिक स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा थी। शास्त्री नगर चौराहे पर बेकाबू ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी थी। पहिये के नीचे आकर कनक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया था। वह 10 मिनट तक लगातार बात करते हुए जान बचाने की गुहार लगा रही थी। मां को आइ लव यू बोलकर उसने अंतिम सांस ली थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बाद में उसके दादा की भी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। सुभाष वर्मा का कहना है कि उनकी बेटी की मौत के बाद नेताओं व अधिकारियों ने तमाम दावे और वादे किए थे। सब हवाई साबित हुए।