PATNA : नशे के सौदागरों पर कसा पुलिस का शिकंजा

PATNA : महमूदीचक गोलीबारी मामले में मुख्य आरोपी मोती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपराधी बिल्ला सहनी की तलाश में पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बता दें कि रविवार की रात कदमकुआं थाना के राजेंद्र नगर पुल के नीचे दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई थी।

नशे के सौदागरों और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट हुई थी। रोड़ेबाजी और फायरिंग में एक आठ साल का बच्चा घायल हो गया था। मामले की गंभीरता और तनाव को देखते हुए सोमवार को खुद एसएसपी मनु महाराज मौके पर पहुंचे और पुल के नीचे बने अस्थायी दुकानों को खाली करवाया। मौके से उन्होंने सौ से ज्यादा गांजे की पुड़िया बरामद की। बड़ी संख्या में पुलिस को देखते ही कई दुकानदार गुमटी छोड़कर भाग खड़े हुए। बताया जा रहा है कि अस्थायी रूप से बनी गुमटियों में ही चरस, गांजा व अफीम आदि अन्य मादक पदार्थ बेचे जाते हैं।

एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि मादक पदार्थ बेचनेवालों में कई लोगों का नाम सामने आया है। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बिल्ला सहनी के शह पर ही इलाके में नशे का कारोबार किया जाता है। नशे के सौदागरों ने बाजाप्ता यहां पर दुकानें खोल रखी हैं। बिल्ला सहनी का उन्हें संरक्षण प्राप्त है। हर रोज राजेंद्र नगर पुल के नीचे चरस, गांजा, अफीम व शराब से लेकर अन्य मादक पदार्थों का बाजार सजता है। इसी का विरोध रविवार को स्थानीय लोगों ने किया, जिसका उनलोगों को खामियाजा भी भुगतना पड़ा।

रविवार को नशे के सौदागरों ने जमकर गोलीबारी की, जिसमें एक 8 साल का बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। बाद में काफी संख्या में स्थानीय लोग जुट गये और दूसरे गुट के लोगों को खदेड़ डाला। दोनों ओर से जमकर रोड़ेबाजी हुई। रविवार को थोड़ी देर के लिए पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.