करीब आधा दर्जन बैंकों ने अपने ऋण की ब्याज दरों में की 0.25 प्रतिशत तक की कटौती

सार्वजनिक क्षेत्र के करीब आधा दर्जन बैंकों ने अपने ऋण की ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत तक की कटौती की है। इन बैंकों की ऋण दर में कटौती से गृह, वाहन और अन्य कर्ज सस्ते हो जाएंगे। इन बैंकों में बैंक ऑफ इंडिया, ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और इंडियन ओवरसीज बैंक सहित दूसरे बैंक शामिल हैं।

रिजर्व बैंक द्वारा रेपो दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती के बाद से बैंक अपने ऋण की ब्याज दर में कटौती कर रहे हैं। इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) ने गुरुवार को एक नवंबर से खुदरा और सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उपक्रमों के लिए कर्ज पर ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती की घोषणा की। आईओबी ने बयान में कहा कि एक नवंबर से खुदरा खंड आवास, वाहन, शिक्षा, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उपक्रमों के लिए ऋण पर ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती की जाएगी। वहीं रेपो दर से जुड़ी ऋण दर को भी 8.25 प्रतिशत से घटाकर आठ प्रतिशत किया जाएगा।

इसी तरह बैंक ऑफ इंडिया ने एक दिन के कर्ज पर कोष की सीमान्त लागत आधारित ऋण दर (एमसीएलआर) को 0.15 प्रतिशत घटा दिया है। पुणे मुख्यालय वाले बैंक आफ महाराष्ट्र ने विभिन्न परिपक्वता अवधि के ऋण पर एमसीएलआर में 0.10 प्रतिशत की कटौती की है। यह एक साल के लिएअब 8.40 प्रतिशत रहेगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.