धनबाद,: हीरक बाइपास रोड में एक सवारी बस द्वारा बाइक को टक्कर मार दिया। इससे बाइक चालक धर्मेंद्र कुमार की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी।घटना के संबंध में बताया जाता है कि रेलवे कर्मी और झाडूडीह निवासी धर्मेंद्र कुमार अपनी बाइक से बरटांड की ओर आ रहे थे। जबकि पिंकी रिंकी नामक बस धनबाद से जामताड़ा जा रही थी। बाइपास रोड में बस ने बाइक चालक को सामने से टक्कर मार दिया। घटना से गुस्साए लोगों ने बस से यात्रियों को उतारा और उसमें आग लगा दी।
घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को काबू में किया। इधर अग्निशमन दल घटना स्थल पहुंचा और बस में लगी आग को बुझाने का काम किया। इधर घटना के बाद बस के चालक, खलासी और कंडक्टर वाहन छोड़ फरार हो गए। चालक, खलासी और यात्रियों के बस छोड़ भाग जाने के बाद बस में रखा सामान अन्य लोग लेकर फरार हो गए।