#HARYANA #INDIA : कांग्रेस के मुख्य स्टार प्रचारक राहुल गांधी हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 के लिए अपने पार्टी के पक्ष में चुनाव अभियान की शुरुआत 14 अक्टूबर से नूंह जिले से शुरू करेंगे।हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए राहुल की यह पहली रैली है। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी सैलजा, हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी इस रैली के दौरान उपस्थित रहेंगे।

कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें उसने महिलाओं को सरकारी क्षेत्र में नौकरी में 33 फीसदी आरक्षण, शिक्षित बेरोजगारों के लिए भत्ता देने के साथ-साथ सत्ता में आने के 24 घंटों के अंदर किसानों का ऋण माफ करने का वादा किया है।

इसके अलावा पार्टी ने मॉब लिंचिंग (भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या) के खिलाफ कड़ा कानून लाने, बिजली बिल को घटाने और पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण के खिलाफ कदम उठाने का भी वादा किया है। पार्टी ने पड़ोसी पंजाब की तर्ज पर अधिकतम दो एकड़ जमीन वाले किसानों को निशुल्क बिजली देने का भी वादा किया है। पंजाब में कांग्रेस की सरकार है।
