#DELHI #INDIA : दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने मुख्य सचिव को पेइंग गेस्ट और हॉस्टल में रहने वाली महिलाओं की सुरक्षा निगरानी के लिए विशेष टास्क फोर्स (Special Task Force) गठित करने का निर्देश दिया है। इस बारे में बीते 13 सितम्बर को ही राज निवास में महिला सुरक्षा पर टास्क फोर्स गठन के संबंध में 10वीं बैठक में चर्चा की गई थी।

उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कहा कि गर्ल्स हॉस्टल और पेइंग गेस्ट में रहने वाली महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा मानक संचालन प्रक्रिया (एस ओ पी) तैयार करने का निर्देश जारी किए गए हैं।

उपराज्यपाल ने मुख्य सचिव को अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) की अध्यक्षता में एक टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए हैं। इस टास्क फोर्स में दिल्ली पुलिस, समाज कल्याण विभाग/महिला और बाल विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय तथा नगर निगमों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह टास्क फोर्स महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा ऑडिट करने और एसओपी बनाने का भी कार्य करेगा। प्रभावी सुरक्षा निष्पादन और सुरक्षा निगरानी के लिए मासिक सुरक्षा आडिट भी किया जाएगा। उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कहा कि हॉस्टल और पेइंट गेस्ट में रहने वाली महिलाओं की सुरक्षा प्राथमिकता है।

Source : ndtv