#BIHAR #INDIA : जिला पुलिस के कामकाज की समीक्षा शुरू हो गई है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सीआईडी की टीम ने जिलों का दौरा शुरू कर दिया है। फोकस वैसे थानों और अंचलों पर है, जहां केस बड़ी संख्या में लंबित पड़े हैं और अपराध का ग्राफ वहां ज्यादा है। सीआईडी की टीम समीक्षा के बाद अपनी रिपोर्ट भी सौंपेगी। यदि खामियां मिलीं तो फील्ड के संबंधित अफसरों पर गाज भी गिर सकती है।

डीएसपी रैंक के अधिकारी कर रहे समीक्षा
सीआईडी की जो टीम जिलों में भेजी जा रही है, उसमें डीएसपी रैंक के अधिकारी शामिल हैं। टीम में 6-7 अफसर शामिल होते हैं। जिलों में कई दिनों तक कैंप कर इनके द्वारा पुलिस के कामकाज की समीक्षा की जाती है। अब तक यह टीम तीन जिलों मुजफ्फरपुर, बेगूसराय और मधेपुरा में जा चुकी है। टीम के जिम्मे थाना और अनुमंडल स्तर पर पुलिस के काम की समीक्षा करना है। इस नौरान कई बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की जाती है।

एक जिले में कई दिनों तक कैंप
पुलिस अफसरों की टीम एक जिले में कई दिनों तक कैंप करती है। इनकी जिम्मेदारी लंबित कांडों को देखना, गिरफ्तारी नहीं होने की वजह, एफआईआर में लगाई गई धाराएं सही है या नहीं और सुपरविजन को देखना है। इसके अलावा थानों के रिकॉर्ड की भी छानबीन होती है। पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के मुताबिक जिला पुलिस के कामकाज की समीक्षा का मकसद बेहतर पुलिसिंग और ठोस अनुसंधान है। समीक्षा के दौरान फील्ड में तैनात निचले स्तर के पुलिस अधिकारियों के परफार्मेंस को भी परखना है।
