मोतिहारी. मोबाइल से वीडियो बनाने से मना करने पर एक सिरफिरे देवर ने अपनी भाभी को चाकू से गोद डाला। जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई।
आनन-फानन में परिजन उसे स्थानीय निजी नर्सिंग होम लेकर गए। जहां चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे मुजफ्फरपुर लेकर चले गए। जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। हत्यारे के इस करतूत से महिला की तो जान गई हीं साथ हीं उसके गर्भ में पल रहे आठ माह के बच्चे की भी मौत हो गई।
मामला मधुबन थाना क्षेत्र के मधुबन गांधी चौक के समीप स्थित चौधरी टोला का है। मृतका उक्त गांव के शिक्षक मनीष चौधरी की पत्नी संगीता देवी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हमले में घायल मृतका का फुफेरा भाई सोनू चौधरी का इलाज स्थानीय निजी नर्सिंग होम में कराया गया। मामले में मृतका के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पिता लालबाबू चौधरी के बयान पर दहेज की प्राथमिकी दर्ज
मामले में मृतका के पिता मधुबन थाना क्षेत्र के लाही गांव निवासी लालबाबू चौधरी थाने में आवेदन देकर दहेज प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में उसने मृतका के ससुर राजकुमार चौधरी, पति मनीष चौधरी, देवर मुन्ना चौधरी, भैंसुर सुबोध चौधरी और ननद आरती कुमारी को आरोपित किया है। कहा है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद उक्त आरोपित दहेज में संगीता से एक लाख रुपए व एक भैंस की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने के कारण वे उसे बार-बार प्रताड़ित करते थे।
पति है सरकारी शिक्षक
मृतका संगीता के पिता ने बताया कि एक वर्ष पूर्व हीं मनीष से उसकी बेटी की शादी हुई थी। मनीष गांव के कन्या विद्यालय में शिक्षक है।
कैसे हुई घटना
बताया जाता है कि सोमवार की शाम संगीता घर में खाना बना रही थी। इस दौरान संगीता का देवर मुन्ना चौधरी मोबाइल से उसका वीडियो बनाने लगा। इसपर संगीता ने विरोध किया। इसी बात से नाराज होकर मुन्ना चाकू लेकर आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करन पर संगीता पर वार कर दिया। इस दौरान एक चाकू उसके पेट में लग गई। जिससे चाकू पेट से आर- पार कर गया। हल्ला सुनकर बचाने आए पड़ोस के फुफेरा भाई सोनू चौधरी पर भी वार कर दिया। इससे वह भी घायल हो गया।
भाभी की बहन को परिजनों ने बचाया
बताया जाता है कि मृतका संगीता ने अपनी बहन चांदनी कुमारी को दशहरा के दौरान अपने घर बुलाया था। जब मुन्ना संगीता पर चाकू से वार कर रहा था तभी उसकी बहन उसे बचाने आई। इसके बाद वह चांदनी को भी मारने का प्रयास किया। लेकिन परिजनों ने उसे किसी तरह बचा लिया।
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में मृतक के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में मृतका के ससुर, देवर व भैंसुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अमित कुमार, थानाध्यक्ष