राजग की डबल इंजन सरकार का एक इंजन अपराध में और दूसरा भ्रष्टाचार में है फंसा : तेजस्वी यादव

नवादा. संविधान बचाओ यात्रा के दूसरे चरण में मंगलवार को बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता अाैर पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव नवादा पहुंचे। तेजस्वी यादव के स्वागत और उन्हें सुनने के लिए जिले भर से भारी भीड़ उमड़ी। सड़कों से लेकर सभा स्थल तक राजद कार्यकर्ता डंटे रहे।

शहर के हरिश्चंद्र स्टेडियम में जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित सभा में तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर जमकर हमला बोला। सबसे पहले उन्होंने सीएम पर निशाना साधा।

तेजस्वी ने अपने 44 मिनट के भाषण में कुल 29 बार सीएम का जिक्र किया जिसमें 23 बार चाचा और 7 बार नीतीश कुमार कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी और जेडीयू जब साथ मिले तब कहा गया कि यह अच्छा अवसर है कि केन्द्र और राज्य में एक गठबंधन की सरकार है। यह डबल इंजन की सरकार है। बिहार में विकास की गति तेज हाेगी। लेकिन इस सरकार का एक इंजन अपराध में और दूसरा इंजन भ्रष्टाचार में फंसा है।

तेजस्वी ने नीतीश को चीफ नहीं, चीट मिनिस्टर से संबोधित किया
तेजस्वी ने कहा की कभी नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार के डीएनए पर सवाल खड़ा किया था। अब नीतीश उसी भाजपा के साथ है। इससे पूरा बिहार अपमानित हुआ है। नीतीश कुमार चोर दरवाजे से सीएम बने हैं। वे चीफ मिनिस्टर नहीं बल्कि चीट मिनिस्टर हैं। ऐसा कोई सगा नहीं जिसको नीतीश चाचा ने ठगा नहीं। बिहार में शराबबंदी पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने कहा कि शराब की अब होम डिलिवरी हो रही है। 200 रुपए की बोतल 1500 रुपए में मिल रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading