#BIHAR #INDIA : राज्य के ग्रामीण इलाके में जल्द ही आरओ से भी शुद्ध, पोषक तत्वों से भरपूर सस्ता पानी पीने को मिलेगा। यह पानी आर्सेनिक और लोहा से पूरी तरह मुक्त होगा। आर्सेनिक प्रभावित इलाके में यह पानी एक रुपये में 100 लीटर मिलेगा।

यह संभव होगा असम के तेजपुर विश्वविद्यालय के रसायन शास्त्र के प्रो. रॉबिन कुमार दत्ता के आर्सिरॉन निलोगॉन तकनीक से। प्रो. रॉबिन की इस तकनीक का परीक्षण राज्य के बक्सर जिले के सर्वाधिक आर्सेनिक प्रभावित ब्लॉक सिमरी और ब्रह्मपुर में हो चुका है। परीक्षण के दौरान एनआईटी पटना के विशेषज्ञ प्रो. सुब्रतो दास, स्वस्थ भारत प्रेरक मयंक जोशी, प्रो. दत्ता के सहयोगी सुजॉय चक्रवर्ती आदि मौजूद थे। बक्सर के डीएम राघवेंद्र सिंह की पहल पर पोषण अभियान के तहत प्रो. दत्ता की तकनीक का प्रदर्शन किया गया।

इसमें मौजूद लोगों को पानी से आर्सेनिक और आयरन निकालने के लिए आर्सिरॉन निलोगन तकनीक की जानकारी दी गई। घरों में इस्तेमाल होनेवाले खाने का सोडा, पौटैशियम परमैग्नेट और फेरिक क्लोराइड जैसे सस्ते रसायन का प्रयोग कर पानी को आर्सेनिक मुक्त किया जा सकता है। राष्ट्रीय पोषण मिशन के मयंक जोशी ने बताया कि बक्सर के अलावा आर्सेनिक प्रभावित अन्य जिलों के गांवों में भी इस विधि का प्रयोग होगा।
