#PATNA : छठव्रतियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए – मुख्यमंत्री

#PATNA #BIHAR #INDIA : लोक आस्था के महान पर्व छठ को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को स्टीमर से दानापुर के नासरीगंज से लेकर कंगन घाट तक का निरीक्षण किया। सप्ताहभर के भीतर यह उनका दूसरा निरीक्षण था। करीब ढाई घंटे के इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई, सुरक्षा एवं स्वच्छता को लेकर आलाधिकारियों को कई निर्देश दिए। छठव्रतियों के लिए सभी घाटों तक जाने का सुगम रास्ता बनाने, पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने एवं घाटों पर ठीक ढंग से बैरिकेडिंग करने को कहा।

गायघाट में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन घाटों पर छठ पूजा होनी है, वहां लोगों की सुविधा के लिए तमाम इंतजाम किये गये हैं। इस बात का ख्याल रखा जा रहा है कि व्रतियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। हमलोगों की कोशिश है कि कहीं कोई कमी न रह जाए। पूरे बिहार में छठ के इंतजाम प्रशासन द्वारा किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार के कुछ घाटों को इसबार छठ के लिए तैयार नहीं किया गया है। प्रशासन द्वारा ऐसे खतरनाक घाटों के बारे में जानकारी दी गयी है। हमारी अपील है कि छठव्रती खतरनाक घाटों पर न जाएं। मीडिया भी इसको लेकर लोगों को जागरूक करे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महापर्व में अब 48 घंटे से भी कम का समय बचा है। थोड़े बहुत बचे हुए कार्यों को पूर्ण किया जा रहा है। गायघाट से पश्चिम की तरफ का काम लगभग पूर्ण हो गया है। थोड़ा काम बचा हुआ है, जिसे पूर्ण कर लिया जायेगा। गायघाट के पूरब में भी घाटों को ठीक करने के लिए काम किया गया है। अधिकारी गायघाट से लेकर दीदारगंज तक जाकर एक-एक चीज का निरीक्षण करेंगे, ताकि छठव्रतियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.