#BIHAR #INDIA : बिहार में 2020 में होने वाले विधानसभा चुनाव में हर एक सीट जितने के संकल्प के साथ जदयू मैदान में उतरेगा। इसको लेकर संगठन की मजबूती और हर विधानसभा क्षेत्र में जदयू का सम्मेलन होगा। 15 दिसंबर से पांच जनवरी, 2020 तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी का सम्मेलन किया जाएगा। यह भी फैसला हुआ कि 15 नवंबर से पांच दिसंबर के बीच राज्य के हर बूथ पर जदयू का अध्यक्ष और सचिव बना लिये जाएंगे। इसका फैसला बुधवार को पार्टी की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक में लिया गया। मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह ने कहा कि वर्ष 2020 में एक बार फिर नीतीश कुमार की अध्यक्षता में एनडीए की सरकार बनेगी।

सभी सीट हम जीतें, इसी संकल्प से साथ चुनाव मैदान में हमसभी को उतरना है। कहा कि कौन क्या कह रहा है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमें केवल अपने काम पर ध्यान देना है। पार्टी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि हमें गर्व होना चाहिए कि हमलोग उस पार्टी के सिपाही हैं, जिसका नेतृत्व नीतीश कुमार कर रहे हैं। नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए जितने कार्य किए हैं, उन्हें जन-जन तक हमें पहुंचाना है। मुझे विश्वास है कि बिहार की जनता का आशीर्वाद हमें जरूर मिलेगा। विधानसभा क्षेत्र में पार्टी सम्मेलन शुरू होने के पहले प्रखंड व जिला कमिटियों का गठन अवश्य कर लें। प्रदेश जदयू मुख्यालय में हुई बैठक में पार्टी के सभी क्षेत्रीय संगठन प्रभारी, जिलों के संगठन प्रभारी, सभी जिलाध्यक्ष, सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, प्रदेश प्रवक्ता व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, प्रो रामवचन राय, ललन कुमार सर्राफ, डॉ. रणवीर नंदन, तनवीर अख्तर, विधायक रंजू गीता, अभय कुशवाहा समेत रविन्द्र सिंह, डॉ नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार, परमहंस कुमार, चंदन कुमार सिंह, कामाख्या नारायण सिंह, मृत्युंजय कुमार सिंह, मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह, क्षेत्रीय संगठन प्रभारी मंजीत सिंह, सुनील कुमार, डॉ. अमरदीप, अरुण कुशवाहा, अशोक कुमार बादल, रामगुलाम राम, पंचम श्रीवास्तव, विपिन कुमार यादव, आसिफ कमाल, श्वेता विश्वास, संतोष महतो आदि मौजूद रहे।
