हॉलीवुड अदाकारा पामेला एंडरसन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखी है। उन्होंने प्रदूषण के चलते भारत के हालातों पर चिंता जताई है। साथ ही पामेला ने पीएम मोदी से शाकाहारी खाने को बढ़ावा देने की अपील की है।

दिल्ली में गंभीर वायु प्रदूषण पर उन्होंने कहा कि ‘यहां रहने वाले हर जीव के लिए मैं परेशान हूं। मुझे लोगों के साथ-साथ जानवरों की भी चिंता है जो चेहरे पर मास्क नहीं लगा सकते।’

‘बिग बॉस’ की पूर्व कंटेस्टेंट रह चुकीं पामेला एंडरसन ने पीपुल फॉर द एथिकल ट्रीटमेेट ऑफ एनिमल्स (पेटा) की ओर से पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी है। पामेला ने कहा कि आपसे आग्रह है कि सभी सरकारी बैठकों और इवेंट्स में केवल शाकाहारी खाना परोसा जाना सुनिश्चित किया जाए।

पामेला ने पीएम मोदी से कहा कि ‘डेयरी प्रोडक्ट्स को हटाकर सोया प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना चाहिए। मीट और ऐसे ही जानवरों से जुड़े प्रोडक्ट्स पर बैन लगा देना चाहिए, खासकर सरकारी इवेंट्स और बैठकों के दौरान।’ ‘बेवाच’ फेम अभिनेत्री ने कहा कि ‘ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण बहुत गंभीर समस्या है। हम इस पर और देरी नहीं कर सकते।’