एनएच 98 पर सेल्हौरी पंप के पास सड़क हादसे में पति-पत्नी की हो गई मौत

पटना. नौबतपुर के एनएच 98 पर सेल्हौरी पंप के पास सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। एक कंटेनर ने बाइक से जा रहे दंपती को पीछे से धक्का मार दिया। दंपती दीपावली की छुट्टी होने पर बिक्रम स्थित नवोदय विद्यालय से अपने बेटे संकेत को लेने जा रहे थे। संकेत वहां दसवीं का छात्र है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धक्का लगते ही दोनों वहीं पर गिर गए। इसके बाद दोनों को कंटेनर ने रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

दंपती की मौत होने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। थोड़ी देर में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची पर तब तक चालक कंटेनर को बिक्रम की ओर लेकर भाग चुका था।

मृतक के पॉकेट में आधार कार्ड था, जिससे उनकी पहचान विनय कुमार यादव व उनकी पत्नी रिंकू देवी के रूप में हुई। दंपती रूपसपुर के उफरपुरा गांव के रहने वाले थे। करीब 41 साल के विनय निजी वाहन के चालक थे।

उनकी पत्नी रिंकू 35 साल की थी। संकेत विनय का बड़ा बेटा है। विनय का छोटा बेटा नीरज स्थानीय स्कूल में पढ़ता है। विनय की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी साजन और छोटी काजल है। विनय के गांव के लोग कह रहे थे कि बड़ी बेटी की कहीं शादी की बात भी चल रही थी। ग्रामीणों ने हादसे के बाद थोड़ी देर हंगामा भी किया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.